– सरकारी ठेकों के मामले में CBI को जांच के आदेश।
नई दिल्ली: अरुणाचल प्रदेश के सीएम पेमा खांडू को सुप्रीम कोर्ट से बड़ा झटका लगा है। परिवार से जुड़ी कंपनियों को सरकारी ठेके देने के आरोपों की CBI प्रारंभिक जांच होगी, सुप्रीम कोर्ट ने इसके आदेश दे दिये हैं। सुप्रीम कोर्ट ने कहा, दो हफ्ते में सीबीआई प्रारंभिक जांच पंजीकृत करे। सुप्रीम कोर्ट ने अरुणाचल प्रदेश के सीएम पेमा खांडू के परिवार से जुड़ी कंपनियों को सरकारी ठेके देने के मामले में सीबीआई या SIT जांच की मांग वाली याचिका पर 17 फरवरी 2026 को अपना फैसला सुरक्षित रख लिया था।

यह मामला 1,270 करोड़ रुपये से अधिक के ठेकों में कथित अनियमितताओं से संबंधित है, जो खांडू के रिश्तेदारों को दिए गए थे। जनहित याचिका (PIL) में आरोप है कि पिछले एक दशक में, खांडू के परिवार (पत्नी त्सेरिंग डोल्मा, बेटे ताशी खांडू आदि) से संबंधित 4 कंपनियों को 380 करोड़ रुपये से अधिक के 146 ठेके (कुछ रिपोर्टों के अनुसार 1,270 करोड़) दिए गए, जो भ्रष्टाचार का संकेत है। याचिकाकर्ता का तर्क है कि राज्य पुलिस निष्पक्ष जांच नहीं कर सकती। राज्य सरकार ने बिना टेंडर के ठेके देने का बचाव करते हुए कहा है कि यह विकास के लिए आम बात है। जस्टिस विक्रम नाथ, संदीप मेहता और एनवी अंजारिया की बेंच ने मामले को गंभीरता से लेते हुए, 2015 से 2025 तक के सभी ठेकों का विवरण मांगा था।

