शारदा रिपोर्टर मेरठ। शुक्रवार को तेज धूप के बाद आई आंधी और बारिश ने जहां शहर के मौसम को अचानक बदल दिया। शनिवार सुबह होते ही मौसम ने फिर करवट ले ली। सुबह आसमान साफ रहा और तेज धूप निकलने के साथ ही गर्मी ने लोगों को परेशान करना शुरू कर दिया। शनिवार सुबह से ही चिलचिलाती धूप के कारण तापमान में तेजी से बढ़ोतरी दर्ज की गई। घरों से बाहर निकलते ही लोगों को गर्म हवाओं और उमस का सामना करना पड़ा। शुक्रवार की बारिश से मिली राहत ज्यादा देर तक टिक नहीं पाई और दिन चढ़ने के साथ ही गर्मी ने अपने तेवर दिखाने शुरू कर दिए। इससे पहले शुक्रवार शाम आई तेज आंधी और बारिश के कारण शहर के कई इलाकों में बिजली व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई थी। कई क्षेत्रों में पेड़ और बिजली के खंभे गिरने से आपूर्ति बाधित होने के साथ साथ ट्रैफिक व्यवस्था भी प्रभावित हुई थी।



