– ट्रैक्टर-ट्रॉली ने बाइक सवारों को मारी टक्कर, दोनों युवक छुट्टी पर गांव आए थे
बुलंदशहर। अगौता क्षेत्र में बृहस्पतिवार रात करीब 12 बजे हुए दर्दनाक सड़क हादसे में यूपी पुलिस के सिपाही और भारतीय सेना के जवान की मौत और एक युवक गंभीर रूप से घायल है। तीनों युवक बाइक से जा रहे थे, तभी तेज रफ्तार ट्रैक्टर-ट्रॉली ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि तीनों गंभीर रूप से घायल हो गए।

घटना के बाद मौके पर मौजूद लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी और घायलों को अस्पताल पहुंचाने का प्रयास किया। हालांकि अस्पताल ले जाते समय रास्ते में ही दो युवकों ने दम तोड़ दिया। वही तीसरे युवक का इलाज जारी है। डॉक्टरों ने अस्पताल पहुंचने पर दोनों को मृत घोषित कर दिया।
मृतकों की पहचान खंगावली निवासी रेगिन माथुर और किसौली निवासी गौतम तेवतिया के रूप में हुई है। रेगिन माथुर उत्तर प्रदेश पुलिस में कांस्टेबल के पद पर तैनात थे, जबकि गौतम तेवतिया भारतीय सेना में कार्यरत थे। दोनों छुट्टी पर अपने-अपने गांव आए हुए थे।
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है। घटना की खबर मिलते ही दोनों परिवारों में कोहराम मच गया और पूरे क्षेत्र में शोक की लहर फैल गई।


