पीएनबी में 17 करोड़ के नकली नोट मिले, चार घंटे से चल रही पूछताछ
सहारनपुर। पंजाब नेशनल बैंक की करेंसी चेस्ट में करीब 17 करोड़ रुपए के नकली नोट मिले हैं। बैंक आॅडिट के दौरान यह मामला सामने आया। इसके बाद मंगलवार को आरबीआई के 6 अधिकारी मेरठ नंबर की दो गाड़ियों में बैठकर सुबह करीब 8 बजे जांच के लिए पहुंचे। इस वक्त अधिकारी बैंक के अंदर ही मौजूद हैं। 4 घंटे से अधिक समय से जांच चल रही है।
वे बैंक से जुड़े अधिकारियों से पूछताछ कर रहे हैं। बैंक के अंदर तो लोग आ जा रहे हैं लेकिन करेंसी चेस्ट में किसी को आने और जाने नहीं दिया जा रहा है। वहां जाने पर जाने पर रोक लगा रखी है। सोमवार को मामला सामने आने के बाद दोपहर करीब 3 बजे तीन बैंक अधिकारियों को सस्पेंड कर दिया गया था।
जांच में सामने आया कि सीसीटीवी में एक पार्ट टाइम हाउसकीपर नोटों की गड्डियों से रुपए निकालता दिख रहा है। मामले में चार लोगों के खिलाफ सदर बाजार थाने में एफआईआर दर्ज की गई है। पीएनबी मेरठ के मुख्य प्रबंधक और जांच अधिकारी अरुण कुमार चौबे की शिकायत पर यह केस दर्ज हुआ है।
एफआईआर में वरिष्ठ मंडल प्रबंधक रवि कुमार कांसे, करेंसी चेस्ट मैनेजर सुशील कुमार, यमुनानगर-जगाधरी में तैनात करेंसी चेस्ट मैनेजर अमित कुमार और हाउसकीपर विशाल कुमार के नाम शामिल हैं। बैंक ने तीन अधिकारियों को निलंबित कर दिया है। वहीं, बैंक अपने स्तर पर भी मामले की जांच कर रहा है। सूत्रों के मुताबिक मामले की जांच सीबीआई को सौंपी जा सकती है।
सीसीटीवी फुटेज में नोट निकालता दिखा हाउसकीपर
इसके बाद बैंक ने मुख्य प्रबंधक अरुण कुमार चौबे को जांच के लिए सहारनपुर भेजा। उन्होंने बैंक अधिकारियों के साथ करेंसी चेस्ट में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। इसमें पार्ट टाइम हाउसकीपर विशाल कुमार नोटों की गड्डियों से रुपए निकालता हुआ दिखाई दिया। सीसीटीवी फुटेज सामने आने के बाद बैंक ने विशाल कुमार को काम से हटा दिया। साथ ही रकम गायब करने के आरोप में उसके खिलाफ चोरी का मुकदमा दर्ज कराया गया।
9 अगस्त से शुरू हुआ करेंसी चेस्ट का आॅडिट
हाउसकीपर से जुड़ी गड़बड़ी सामने आने के बाद बैंक ने 9 अगस्त से करेंसी चेस्ट का आॅडिट शुरू कराया। जांच टीम ने चेस्ट में मौजूद नकदी और रिकॉर्ड का मिलान किया। आॅडिट के दौरान बड़ी गड़बड़ी सामने आई। करेंसी चेस्ट में रखी रकम की जांच की गई तो करीब 17 करोड़ रुपए के नकली नोट मिले। इतनी बड़ी मात्रा में नकली नोट मिलने से बैंक अधिकारियों में हड़कंप मच गया।
तीन बैंक अधिकारियों से हुई पूछताछ
इसके बाद जांच अधिकारी ने करेंसी चेस्ट से जुड़े अधिकारियों से पूछताछ की। वरिष्ठ मंडल प्रबंधक रवि कुमार कांसे, करेंसी चेस्ट मैनेजर सुशील कुमार और यमुनानगर-जगाधरी में तैनात करेंसी चेस्ट मैनेजर अमित कुमार से सवाल किए गए। तीनों से नकली नोटों के करेंसी चेस्ट तक पहुंचने और वहां रखे जाने को लेकर जानकारी मांगी गई। जांच अधिकारी के मुताबिक, तीनों अधिकारी इस संबंध में संतोषजनक जवाब नहीं दे सके। इसके बाद बैंक के उच्च अधिकारियों को पूरे मामले की जानकारी दी गई।
बैंक अधिकारियों के खिलाफ विभागीय जांच शुरू
पीएनबी के दिल्ली रोड स्थित मंडल कार्यालय में तैनात वरिष्ठ मैनेजर निशा सिंह ने बताया कि मामला सामने आने के बाद बैंक ने तीनों अधिकारियों को निलंबित कर दिया है। बैंक की ओर से विभागीय जांच भी की जा रही है। अब पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि इतनी बड़ी मात्रा में नकली नोट बैंक की करेंसी चेस्ट तक कैसे पहुंचे। नकली नोट कब और किसके जरिए वहां रखे गए, इसमें किस-किस की भूमिका थी।
करेंसी चेस्ट मामले में चार पर केस
डीआईजी अभिषेक सिंह ने बताया कि बैंक के मुख्य प्रबंधक की शिकायत पर तीन प्रबंधकों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। पार्ट टाइम हाउसकीपर के खिलाफ भी रुपए चोरी करने का केस दर्ज हुआ है। बैंक अपने स्तर पर जांच कर रहाी है। पुलिस भी पूरे मामले की जांच में जुटी है।