शारदा रिपोर्टर मेरठ। कंकरखेड़ा थाना क्षेत्र में बेटे के अपहरण की झूठी साजिश रचकर फिरौती मांगने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। पुलिस ने मामले का खुलासा करते हुए बच्चे के पिता को ही गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी ने कर्ज के दबाव से बचने के लिए अपने ही बेटे के अपहरण की कहानी गढ़ी थी।
पुलिस के अनुसार, 10 मार्च को दीपक पुत्र जगपाल निवासी अशोक नगर, शिव मंदिर के सामने नगला ताशी, थाना कंकरखेड़ा ने थाने पहुंचकर सूचना दी थी कि उसका 15 वर्षीय बेटा हर्ष कुमार उर्फ हनी 9 मार्च को कोचिंग के लिए गया था, लेकिन वापस नहीं लौटा। बाद में अज्ञात लोगों द्वारा बेटे को छोड़ने के नाम पर 6 लाख रुपये की फिरौती मांगने की बात कही गई। सूचना के आधार पर थाना कंकरखेड़ा में मुकदमा दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू कर दी।

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस, सर्विलांस टीम और स्वाट टीम को जांच में लगाया गया। जांच के दौरान पुलिस को कई बिंदुओं पर शक हुआ। जब पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर गहराई से पड़ताल की तो मामला पूरी तरह से अलग निकला।
पुलिस जांच में सामने आया कि दीपक ने खुद ही इस पूरे अपहरण और फिरौती की साजिश रची थी। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसने अलग-अलग बैंकों से क्रेडिट कार्ड और लोन लिया हुआ था। वह ऑनलाइन गेमिंग एप चिल चैट पर जुआ खेलता था और उसमें लगातार पैसे हार गया था। इसके बाद उसने ऑनलाइन लोन ऐप से करीब 2 लाख रुपये का और कर्ज लिया, जिसे भी वह जुए में हार गया।
लगातार हार और बढ़ते कर्ज के कारण आरोपी पर करीब 7 से 8 लाख रुपये का कर्ज हो गया था और उसकी किस्तें भी बकाया चल रही थीं। कर्ज के दबाव से बचने के लिए उसने अपने ही बेटे को छिपाकर अपहरण और फिरौती की झूठी कहानी रच दी।
पुलिस ने कार्रवाई करते हुए बच्चे हर्ष कुमार उर्फ हनी को सकुशल बरामद कर लिया और आरोपी पिता दीपक को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है और मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है।


