25 सीटों पर 18 जून को होगा चुनाव
________________________________
नई दिल्ली। 18 जून को राज्यसभा की 25 सीटों पर होने वाले चुनाव के लिए बीजेपी ने कमर कस ली है। कल देर रात तक प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में उनके सरकारी निवास पर बीजेपी की केंद्रीय चुनाव समिति की बैठक हुई। इसमें अन्य राजनीतिक विषयों के अलावा राज्य सभा चुनावों के लिए भी पार्टी की रणनीति पर विचार किया गया। पार्टी जल्दी ही अपने उम्मीदवारों के नामों का ऐलान करने जा रही है। केंद्र सरकार में दो राज्य मंत्रियों का राज्य सभा कार्यकाल भी इसी महीने समाप्त हो रहा है। मोदी मंत्रिपरिषद में संभावित फेरबदल की अटकलों के बीच यह भी देखा जा रहा है कि इन्हें दोबारा राज्यसभा दी जाती है या नहीं।
18 जून को होने जा रहे राज्यसभा चुनाव के लिए आज चुनाव आयोग अधिसूचना जारी कर रहा है और इसी के साथ नामांकन भरे जा सकेंगे। नामांकन की अंतिम तिथि 8 जून है। राज्यसभा चुनाव के इस दौर में 22 सीटों पर कार्यकाल पूरा होने के कारण जबकि तीन उपचुनाव कराए जा रहे हैं। एनडीए को उम्मीद है कि इस दौर के चुनाव के बाद राज्यसभा में उसका आंकड़ा डेढ़ सौ पार हो जाएगा और वह दो-तिहाई बहुमत के नजदीक पहुंच जाएगा। इस महीने बीजेपी के 11 और उसके सहयोगी दलों के तीन सांसद रिटायर हो रहे हैं। जबकि बीजेपी की सहयोगी एनसीपी की नेता और महाराष्ट्र की उपमुख्यमंत्री सुनेत्रा पवार के इस्तीफे से खाली सीट पर उपचुनाव हो रहा है। वहीं ओडिशा में बीजेडी के सांसद देबाशीष सामंतरे इस्तीफा देकर बीजेपी में शामिल हो गए। अब उनकी सीट पर भी उपचुनाव कराया जा रहा है। माना जा रहा है कि 25 में से एनडीए को 17-18 सीटें मिल सकती हैं। इस तरह एनडीए राज्य सभा में डेढ़ सौ का आंकड़ा पार कर लेगा जो अभी 148 पर है। सबसे अधिक फायदा टीडीपी को होगा। कुछ राज्यों में क्रॉस वोटिंग की नौबत आ सकती है। खासतौर से मध्य प्रदेश में कांग्रेस के विधायकों पर नजर रहेगी जहां मौजूदा संख्या बल के हिसाब से कांग्रेस तीन में से एक सीट जीतने की स्थिति में है लेकिन उसे इसके लिए जोर लगाना पड़ेगा।