शारदा रिपोर्टर मेरठ। नौचंदी थानाक्षेत्र में जैदी फार्म में बाइक सवार हमलावरों द्वारा ताबड़तोड़ फायरिंग करने के मामले में घायल स्क्रैप कारोबारी असलम की इलाज के दौरान मौत हो गई। जिसके बाद गुस्साए परिजनों ने शव रखकर जाम लगा दिया और आरोपियों की गिरफ्तारी करने के लिए अड़ गए। वही हंगामा बढ़ता देख सीओ सिविल लाइन अभिषेक तिवारी मौके पर पहुंचे और नामजद आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई और जल्द गिरफ्तारी का आश्वासन दिया। जिसके बाद परिजन शव दफनाने के लिए तैयार हुए और जाम खत्म कराया गया।

असलम के पिता इमरान की तहरीर पर नौचंदी थाने में आठ आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस ने एक आरोपी समीर को गिरफ्तार भी कर लिया है, जबकि अन्य आरोपियों की तलाश में तीन टीमें गठित की गई हैं। बता दें कि, शुक्रवार शाम ज़ैदी फार्म स्थित गली नंबर दो के बाहर बाइक सवार हमलावरों ने सरेआम स्क्रैप कारोबारी असलम और उसके दोस्त शोएब को भी गोली मारकर घायल कर दिया था।
बताया जा रहा है कि, यह वारदात डेढ़ वर्ष पूर्व हुए अरशद हत्याकांड का बदला लेने के लिए की गई थी। असलम अरशद हत्या मामले में तीन महीने पहले ही जेल से जमानत पर बाहर आया था। फायरिंग में असलम को कमर, पेट, सीने और सिर में चार गोलियां लगीं, जबकि शोएब के बाएं कंधे में गोली लगी। वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए।
घटना के बाद परिजन दोनों घायलों को गढ़ रोड स्थित लोकप्रिय अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां से असलम की हालत गंभीर होने पर उसे दिल्ली रेफर कर दिया गया। लेकिन, दिल्ली पहुंचते ही असलम की मौत हो गई। जिसके बाद देर रात करीब 11 बजे परिजन शव लेकर मेरठ लौटे।

