पिकअप में भरी रद्दी पेपर में लगी भीषण आग, डेढ़ घंटे में बुझी
मुजफ्फरनगर। शहर कोतवाली क्षेत्र में रद्दी पेपर से भरी महिंद्रा पिकअप गाड़ी में अचानक भीषण आग लग गई। घटना रामलीला टिल्ला चौकी क्षेत्र के मिमलाना रोड की है। आग इतनी तेजी से फैली कि कुछ ही देर में पिकअप में लदा रद्दी पेपर धू-धूकर जलने लगा। गाड़ी खड़ी थी, इसी दौरान ऊपर से बिजली का तार टूटकर गिरने के बाद आग लगने की बात सामने आई है।
बताया जा रहा है कि हादसा करीब देर रात 1:10 बजे हुआ। गाड़ी मालिक शाकिर ने आग लगने की सूचना दमकल विभाग को दी। सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की दो गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। उस समय पिकअप आग की लपटों से घिरी हुई थी और उसमें लदा रद्दी पेपर तेजी से जल रहा था।
दमकल कर्मियों ने मौके पर पहुंचकर आग बुझाने का अभियान शुरू किया। रद्दी पेपर के कारण आग तेजी से फैल रही थी, जिसके चलते दमकल कर्मियों को आग पर पूरी तरह काबू पाने में काफी मशक्कत करनी पड़ी। करीब डेढ़ घंटे की कड़ी मेहनत के बाद आग पर नियंत्रण पाया जा सका।
आग बुझाने के दौरान स्थानीय पुलिस भी मौके पर मौजूद रही। पुलिस और दमकल कर्मियों ने आसपास के क्षेत्र को सुरक्षित रखने के साथ आग को दूसरी जगह फैलने से रोकने का प्रयास किया। करीब 2:45 बजे दमकल की दोनों गाड़ियां मौके से वापस लौटीं।
प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, बिजली का तार टूटकर पिकअप पर गिरने के बाद आग लगने की बात सामने आई है। हालांकि आग लगने के वास्तविक कारण और नुकसान का आकलन संबंधित विभाग की जांच के बाद ही स्पष्ट होगा। हादसे में पिकअप और उसमें लदे रद्दी पेपर के जलने से भारी नुकसान बताया जा रहा है।