Homeउत्तर प्रदेशMeerutमवाना महोत्सव का विरोध, मुख्यमंत्री योगी को भेजा पत्र

मवाना महोत्सव का विरोध, मुख्यमंत्री योगी को भेजा पत्र

-

शारदा रिपोर्टर मेरठ। कस्बा मवाना के नागरिकों ने प्रस्तावित ‘मवाना महोत्सव’ के आयोजन का विरोध किया है। उन्होंने मुख्यमंत्री उत्तर प्रदेश को एक प्रार्थना पत्र भेजकर मेले की अनुमति तत्काल रद्द करने की मांग की है। नागरिकों का तर्क है कि पूर्व में आयोजित ‘शहीद चंद्रभान प्रदर्शनी मेले’ में गंभीर घटनाएं हुई थीं, जिसके बाद प्रशासन ने उसे बंद कर दिया था। ऐसे में किसी अन्य नाम से दोबारा मेला लगना क्षेत्र की कानून व्यवस्था के लिए खतरा बन सकता है।

 

 

प्रार्थना पत्र में बताया गया है कि पहले मवाना में ‘शहीद चंद्रभान प्रदर्शनी मेला’ लगता था। इस मेले के दौरान हत्या जैसी गंभीर वारदातें होने के बाद तत्कालीन प्रशासन ने इसे बंद कर दिया था। अब कुछ लोग ‘मवाना महोत्सव’ के नाम से पुराने मैदान से कुछ दूरी पर मेला लगाने की तैयारी कर रहे हैं। आयोजकों ने जमीन मालिक के साथ-साथ फायर ब्रिगेड, मनोरंजन विभाग और बिजली विभाग से भी अनुमति प्राप्त कर ली है।

स्थानीय नागरिकों का कहना है कि प्रस्तावित मेले के आयोजन से कस्बे का माहौल खराब होने की आशंका है। उनका आरोप है कि पूर्व में भी मेले के दौरान लड़कियों के साथ छेड़छाड़, मारपीट और लूटपाट जैसी घटनाएं होती थीं। इन घटनाओं का विरोध करने पर अक्सर झगड़े की स्थिति बन जाती थी। इसके अतिरिक्त, पहले के मेले में दो हत्याएं भी हो चुकी हैं, जिससे लोगों में भय का माहौल है।

नागरिकों ने यह भी जानकारी दी कि जिस स्थान पर मेला लगाने की योजना है, वह जमीन पूरी तरह सुरक्षित नहीं है। मैदान के चारों ओर न तो चारदीवारी है और न ही पर्याप्त रोशनी की व्यवस्था है। आसपास जंगल जैसी स्थिति होने के कारण सुरक्षा की दृष्टि से यह स्थान उपयुक्त नहीं माना जा रहा है। जिसके कारण पहले यहां लगने वाली पैंठ (बाजार) भी बंद हो चुकी थी। प्रार्थना पत्र में यह भी कहा गया है कि मेले के पास ही देशी शराब का ठेका स्थित है, जहां शराब पीने वाले लोग मेले के माहौल को बिगाड़ सकते हैं और इससे कानून-व्यवस्था की समस्या उत्पन्न हो सकती है।

मवाना के नागरिकों ने मुख्यमंत्री से मांग की है कि प्रस्तावित मवाना महोत्सव मेले को दी गई अनुमति तत्काल प्रभाव से निरस्त कराई जाए, ताकि कस्बे की शांति और कानून व्यवस्था बनी रह सके। ज्ञापन देने में ठाकुर नवनीत चौहान जिलाध्यक्ष भाकियू संघर्ष मोर्चा. अंकुर सैनी रजनीश रोहल हर्ष शर्मा धुप सिंह चौहान. अमन प्रजापति गौरव गुज्जर सलमान अंकित जाटव गौरव कुमार सोनू शर्मा भूपेंदर चौहान आदि मौजूद रहे।

 

Related articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Stay Connected

4,000,000FansLike
100,000SubscribersSubscribe

Latest posts