नोएडा। नोएडा के नवादा गांव में रहने वाली एक युवती बेसुध हालत में कमरे में मिली। उसके गले पर रस्सी के निशान थे। वो नोएडा की एक कंपनी में नौकरी कर रही थी। कंपनी के कर्मचारियों उसे फोर्टिस अस्पताल ले गए। वहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। आशंका है कि उसके प्रेमी ने युवती की गला दबाकर हत्या कर दी।
परिजनों ने उसके साथी पर शक जाहिर करते हुए मुकदमा दर्ज कराया। पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमॉर्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया। वहीं उसके प्रेमी ने गाजियाबाद में अपने फ्लैट में जाकर फांसी लगाकर सुसाइड कर लिया। गाजियाबाद की थाना कवि नगर पुलिस इस मामले की जांच कर रही है।
मूल रूप से मथुरा निवासी शालिनी त्रिपाठी (24) नोएडा की एक कंपनी में एचआर थी। वह अपनी सहेली तन्वी के साथ सेक्टर-62 स्थित नीलकंठ पीजी में रहती थी। करीब चार साल से अमन से शालिनी की दोस्ती थी। अमन गाजियाबाद के अजय कुमार गर्ग से बीटेक की पढ़ाई कर रहा था। पुलिस के मुताबिक रात को शालिनी कमरे में अकेली थी। तन्वी किसी और फंक्शन में कमरे में नहीं थी। रात में शालिनी के कमरे में अमन उसके पास आया।
इसके कुछ देर बाद शालिनी के दोस्तों ने उसे फोन किया। फोन नहीं उठाने और कमरा अंदर से बंद होने पर वार्डन को बुलाया गया। जैसे ही कमरा खोला गया अंदर से अमन तेजी से बाहर आया और फरार हो गया। अंदर बेड पर शालिनी बेसुध पड़ी थी। उसे फोर्टिस अस्पताल लेकर गए थे। वहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया ।
परिजनों को सूचना दी गई। परिजनों ने अमन पर हत्या का शक किया। इसके आधार पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की। गुरुवार को पता चला कि अमन ने गाजियाबाद में अपने फ्लैट में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। जांच में पता चला कि युवती की अमन से दोस्ती थी। अमन मथुरा का रहने वाला है।
अमन के संबंध में जानकारी की गई तो पता चला कि वह मथुरा का मूल निवासी है। गाजियाबाद में रह रहा था। उसने गाजियाबाद की लैंड क्राफ्ट सोसाइटी में अपने रूम में फांसी के फंदे से लटक कर आत्महत्या कर ली। इसके संबंध में थाना कवि नगर पुलिस द्वारा आवश्यक कार्रवाई की जा रही है। अमन गाजियाबाद के अजय कुमार गर्ग से बीटेक का स्टूडेंट था।
चार साल से थी दोस्ती
शालिनी की रूम पार्टनर व अन्य सहेलियों से पूछताछ में ज्ञात हुआ कि मृतका व अमन दोनों मथुरा के रहने वाले हैं। एक दूसरे को चार-पांच वर्षों से जानते थे। इन दोनों के बीच कुछ अनबन चल रही थी। वैलेंटाइन डे को लेकर दोनों के बीच कुठ अनबन हुई। इसके बाद पहले शालिनी की मौत हुई और बाद में अमन ने अपने कमरे में सुसाइड किया। दोनों के बीच रिलेशन कैसे थे इसको सुलझाने की पुलिस कोशिश कर रही है।
पुलिस खंगाल रही सीडीआर
इस मामले में पुलिस ने शालिनी के मोबाइल को जब्त किया है। पुलिस सीडीआर खंगाल रही है। इसके अलावा वॉट्सऐप चेट और फोटो और वीडियो खंगाली जा रही है। बताया गया कि दोनों एक दूसरे को मथुरा से ही जानते हैं। वहां से दोनों एक साथ नोएडा आए। बताया गया युवती भी इंजीनियरिंग की पढ़ाई कर रही थी। उसी के साथ नोएडा में जॉब भी कर रही थी।