- सीएम योगी बोले- बागपत के लिए ऐतिहासिक दिन, विकास और विरासत का संगम बना।
बागपत। सीएम योगी आदित्यनाथ ने बागपत में स्व. अजित सिंह की प्रतिमा का अनावरण और 351 करोड़ की 381 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण किया। उन्होंने अजित सिंह के किसानों और युवाओं के प्रति योगदान को सराहा। मुख्यमंत्री ने बुधवार को पूर्व केंद्रीय मंत्री चौधरी अजित सिंह की अष्ट धातु की 1200 किलो की प्रतिमा का अनावरण कर श्रद्धांजलि अर्पित की। इस दौरान योगी ने कहा बागपत के युवा अब प्रदेश एवं देशभर में अपनी छाप छोड़ रहे हैं।
सीएम ने कहा कि चौधरी अजित सिंह ने कंप्यूटर वैज्ञानिक बनकर विदेश में नौकरी की। मगर, वह प्रतिष्ठा और पैसा छोड़कर भारत की सेवा करने आ गए।
मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि चौधरी अजित सिंह का किसानों से गहरा जुड़ाव था। उनकी पहली प्रतिमा छपरौली में स्थापित हुई है, जो यह दशार्ती है कि वह हमेशा किसानों के साथ खड़े रहे। उन्होंने कहा कि बागपत का ऐतिहासिक महत्व है, क्योंकि महाभारत काल में पांडवों ने जिन पांच गांवों को मांगा था, उनमें एक गांव बागपत भी शामिल था।
मुख्यमंत्री योगी कि बागपत के लिए यह ऐतिहासिक दिन है। माघ पूर्णिमा, संत रविदास जयंती और चौधरी अजीत सिंह की जयंती से विकास और विरासत का संगम हो रहा है। सीएम ने कहा कि बागपत के युवा ऊर्जा से भरपूर हैं और उनकी प्रतिभा देश व प्रदेश के विकास में महत्वपूर्ण योगदान दे रही है। बागपत के युवा अब प्रदेश एवं देशभर में अपनी छाप छोड़ रहे हैं और उत्तम प्रदेश बनाने का संकल्प लेकर कार्य कर रहे हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तर प्रदेश में कानून-व्यवस्था अब एक मिसाल बन गई है। प्रदेश में हर नागरिक, व्यापारी और बेटी सुरक्षित महसूस कर रही हैं।