शारदा रिपोर्टर मेरठ। आज से मौसम के बदलने की संभावना है। पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से तेज हवाओं के साथ बारिश होने की संभावना है। इससे पहले बृहस्पतिवार को दिन का तापमान 38 पार पहुंच गया, जो सीजन का सबसे गर्म दिन दर्ज किया गया। दिनभर सूरज की तपिश से शरीर को झुलसाने वाली गर्मी से शहरवासियों का बुरा हाल रहा।
मौसम अभी शुष्क बना हुआ है, जिस कारण गर्मी का प्रकोप बढ़ता जा रहा है। हालांकि, बृहस्पतिवार से पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो गया। सुबह के समय तेज धूप निकली और दोपहर के समय में बीच बीच में आसमान में बादल छाए रहे।
तेज धूप निकलने से दिन का तापमान बढ़कर 38 के पार पहुंच गया। वहीं, रात का तापमान भी 22 डिग्री के पास पहुंच गया। सीजन में पहली बार बुधवार की रात सबसे गर्म दर्ज की गई। बृहस्पतिवार को दिनभर चली गर्म हवाओं व तेज धूप की तपिश से शरीर को झुलसाने वाली गर्मी ने शहरवासियों का बुरा हाल कर दिया। दोपहर के समय में बाजारों में सन्नाटा पसरा रहा। हाईवे पर भी वाहनों की संख्या कम नजर आई।