– धारदार हथियार से सिर पर किए कई वार, सीसीटीवी बंद पड़ा मिला।
कौशांबी। घर के बाहर सो रहे एक 55 वर्षीय अधेड़ की धारदार हथियार से हत्या कर दी गई। परिजनों ने सुबह खून से लथपथ शव देखा, जिसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।

यह घटना सैनी कोतवाली क्षेत्र के कानेमई गांव की है। मृतक की पहचान गणेश प्रसाद लोधी पुत्र दशरथ के रूप में हुई है। गणेश प्रसाद देर रात अपने घर के बाहर चारपाई पर सो रहे थे। अज्ञात हमलावरों ने उनके सिर पर धारदार हथियार से कई वार किए, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही सैनी कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस अधीक्षक राजेश कुमार सिंह, सीओ सिराथू भैया संतोष कुमार और फोरेंसिक टीम ने भी घटनास्थल का मुआयना किया। पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई करते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। जांच के दौरान पता चला कि मृतक के घर के सामने लगा सीसीटीवी कैमरा बंद था। पुलिस के अनुसार, यह कैमरा पिछले काफी समय से खराब पड़ा हुआ था, जिससे हमलावरों की पहचान में दिक्कत आ रही है।

