– सामान्य से काफी ऊपर दर्ज किया जा रहा तापमान, लोग होने लगे परेशान, चलने लगे कूलर और एसी।
शारदा रिपोर्टर मेरठ। मार्च के महीने में ही गर्मी ने रिकॉर्ड तोड़ना शुरू कर दिया है। जिसके चलते तापमान सामान्य से काफी ऊपर दर्ज किया जा रहा है। यह समय से पहले आई गर्मी, तेज धूप और बारिश की कमी के कारण हो रही है, जिससे मार्च के मध्य तक तक पहुंचने की संभावना है।

पिछले साल के मुकाबले इस साल 8 मार्च को ही अधिकतम तापमान के पार पहुंच गया, जो सामान्य से लगभग 7-8 डिग्री ज्यादा है। मार्च के पहले ही हफ्ते से लोगों को पंखे और एसी चलाने की जरूरत पड़ गई। गर्मी के बीच 10 मार्च को कुछ स्थानों पर सुबह के समय हल्की धुंध या कोहरा भी देखा गया, लेकिन धूप निकलने पर तेज गर्मी हो रही है। वहीं, बढ़ती गर्मी और लू के खतरे को देखते हुए जिला प्रशासन ने ‘सिटी हीट एक्शन प्लान’ तैयार करना शुरू कर दिया है।
मौसम विभाग के अनुसार, यह तेज गर्मी गेहूं की फसल के लिए नुकसानदायक हो सकती है। जबकि, अगले तीन दिनों तक तापमान में बढ़ोतरी जारी रहने की संभावना है। पश्चिमी उत्तर प्रदेश में मौसम का मिजाज एक बार फिर बदलता नजर आ रहा है। मेरठ में मंगलवार के बाद बुधवार को भी तेज धूप और हवा लगभग बंद रहने के कारण गर्मी का असर साफ दिखाई दिया। दिन चढ़ने के साथ ही लोगों को उमस और गर्मी का सामना करना पड़ा। दोपहर के समय सड़कों पर लोगों की आवाजाही भी कम देखने को मिली।
वहीं, चैत्र माह में सुबह के समय छाया घना कोहरा लोगों में कौतुहल का विषय बन गया। लोग लाइट जलाकर सड़कों पर निकलते दिखे। वहीं दृश्यता शून्य हो गई। मेरठ क्षेत्र में तेज धूप और हवा की कमी के कारण गर्मी का असर बढ़ गया है। मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार अगले तीन दिनों तक तापमान में और बढ़ोतरी होगी, इसके बाद हल्की बारिश से राहत मिल सकती है।
वहीं, सरदार वल्लभभाई पटेल कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय के मौसम वैज्ञानिक डॉ. यूपी शाही के अनुसार आने वाले तीन दिनों तक तापमान में और बढ़ोतरी होने की संभावना है। तेज धूप और हवा की गति कम होने के कारण गर्मी का प्रभाव अधिक महसूस होगा। इसके बाद मौसम में बदलाव के संकेत हैं और हल्की बारिश होने से लोगों को कुछ राहत मिल सकती है।

