- पोस्टमार्टम के बाद बिसरा किया प्रिजर्व, तनाव देख गांव में पुलिस बल तैनात,
- जनप्रतिनिधियों ने परिजनों को दिया भरोसा।
- स्थानीय लोगों ने नम आंखों से मृतकों को अंतिम विदाई दी।
शारदा रिपोर्टर मेरठ। दौराला कस्बे में शराब पीने से हुई तीन लोगों की मौत के बाद शनिवार को गमगीन माहौल में तीनों का अंतिम संस्कार कर दिया गया। पूरे क्षेत्र में इस घटना को लेकर शोक और आक्रोश का माहौल बना हुआ है। मृतकों के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। शुक्रवार को हुई इस दर्दनाक घटना में बाबूराम प्रजापति (50), अंकित (40) और जितेंद्र (45) की मौत हो गई थी। शनिवार को पोस्टमार्टम के बाद तीनों के शव उनके परिजनों को सौंप दिए गए, जिसके बाद अंतिम संस्कार किया गया। अंतिम यात्रा में बड़ी संख्या में स्थानीय लोग शामिल हुए और नम आंखों से मृतकों को अंतिम विदाई दी।

घटना की गंभीरता को देखते हुए कई जनप्रतिनिधि भी पीड़ित परिवारों के घर पहुंचे। पूर्व केंद्रीय मंत्री संजीव बालियान और समाजवादी पार्टी के विधायक अतुल प्रधान ने मृतकों के परिजनों से मुलाकात कर उन्हें ढांढस बंधाया और हर संभव मदद का भरोसा दिया। ग्रामीणों का आरोप है कि सरकारी दुकान से ली गई शराब पीने के बाद ही तीनों की मौत हुई है। तनाव को देखते हुए गांव में पुलिस बल भी तैनात किया गया है जिनके माध्यम से अफसर पल पल की स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं।
सात साल से नौकरी कर रहा था जितेंद्र : बाबूराम प्रजापति के स्पेलर पर जितेंद्र पिछले सात साल से काम कर रहा था। ग्रामीणों का कहना है कि उन्होंने कभी एक साथ उन्हें शराब पीते नहीं देखा। हालांकि कुछ लोग दबी जुबान में इस बात को नकार भी रहे हैं। जितेंद्र अपने पीछे चार बच्चों दिनेश, शिवम्, प्रियांशु, टीनू को छोड़कर गया है। पिता की मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट गया है।
आबकारी व अन्य टीमों की जांच जारी
शराब से तीन मौतों के शोर के बाद प्रशासन में खलबली मची है। डीएम डा. वीके सिंह खुद पूरे मामले की निगरानी कर रहे हैं। पुलिस की चार टीमों के अलावा आबकारी की टीमें भी जांच में जुटी हैं। सुबह दिन निकलने के बाद यह टीमें दोबारा गांव में पहुंच गईं। फिलहाल उनके द्वारा जांच कराई जा रही है। आज ही शराब के नमूने जांच के लिए भेजे जाएंगे। बिसरा भी जांच को भेजा जाएगा।

