शारदा रिपोर्टर मेरठ। सदर बाजार थाना क्षेत्र में उस समय सनसनी फैल गई जब रजबन इलाके में धोबी घाट के पास एक युवक का शव पेड़ से लटका हुआ मिला। जब स्थानीय लोग अपने काम के लिए घरों से निकले तो उनकी नजर पेड़ पर लटके युवक पर पड़ी। यह दृश्य देखते ही इलाके में अफरा-तफरी मच गई और कुछ ही देर में बड़ी संख्या में लोग मौके पर जमा हो गए। सूचना मिलते ही सदर बाजार थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण शुरू किया।

जानकारी के मुताबिक, युवक पेड़ की डाल से फंदे के सहारे लटका हुआ था। मृतक की उम्र लगभग 30 से 32 वर्ष के आसपास बताई जा रही है। युवक के कपड़ों की तलाशी लेने पर उसके पास से कोई ऐसा दस्तावेज नहीं मिला जिससे उसकी पहचान हो सके। जिसके चलते फिलहाल उसकी शिनाख्त नहीं हो पाई है।
पुलिस ने मौके पर जांच पड़ताल के बाद शव को नीचे उतरवाया और पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया। आसपास के लोगों से भी पूछताछ की गई, लेकिन किसी ने भी युवक को पहचानने की पुष्टि नहीं की। पुलिस यह भी पता लगाने की कोशिश कर रही है कि युवक स्थानीय है या कहीं बाहर से यहां आया था।
घटना के बाद पूरे इलाके में तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं। कुछ लोग इसे आत्महत्या मान रहे हैं तो कुछ लोग इसे संदिग्ध परिस्थिति में हुई मौत बता रहे हैं। फिलहाल पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का खुलासा हो सकेगा। साथ ही आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है ताकि युवक की पहचान हो सके और मामले की सच्चाई सामने आ सके।


