– एनआईसी सभागार में सुरक्षित इंटरनेट दिवस पर हुआ कार्यक्रम
शारदा रिपोर्टर मेरठ। मंगलवार को कलक्ट्रेट स्थित एनआईसी सभागार में सुरक्षित इंटरनेट दिवस/साइबर जागरूकता दिवस के अवसर पर साइबर ठगी से बचाव के लिए विशेष बैठक आयोजित की गई। इस दौरान पुलिस अधिकारियों और विशेषज्ञों ने संदिग्ध लिंक पर क्लिक न करने, व्यक्तिगत बैंक जानकारी साझा न करने और साइबर अपराध होने पर तुरंत 1930 या साइबर क्राइम डॉट गवर्मेंट डॉट इन पर रिपोर्ट करने की सलाह दी।

बैठक में अधिकारियों ने बताया कि, सावधानी ही सुरक्षा है। इसलिए किसी भी अज्ञात कॉल या संदेश के झांसे में न आएं। और अगर ऐसा कुछ हो भी जाए तो तुरंत हेल्पलाइन नंबर पर इसकी जानकारी दें और साइबर धोखाधड़ी होने पर तुरंत 1930 डायल करें।आॅनलाइन शिकायत के लिए साइबर क्राइम डॉट गवर्मेंट डॉट इन पोर्टल का उपयोग करें। अपना ओटीपी, पिन या पासवर्ड कभी भी किसी को न बताएं।
अधिकारियों ने साइबर अपराध, डाटा संरक्षण, पासवर्ड सुरक्षा, फिशिंग हमले, एथिकल हैकिंग और सोशल मीडिया के सुरक्षित उपयोग जैसे महत्वपूर्ण विषयों के बारे में भी बताया। कहा कि अनजाने लिंक पर क्लिक न करें। अपनी पर्सनल जानकारी शेयर न करें। आनलाइन भुगतान करते समय भी पूरी सावधानी बरतें। फर्जी वेबसाइट से भी बचे।
कार्यशाला का मुख्य विषय साइबर सुरक्षा अनिवार्यताएं रहा। बता दें कि, यह कार्यक्रम नागरिकों को डिजिटल रूप से सुरक्षित बनाने और साइबर अपराधियों के तरीकों के प्रति जागरूक करने के लिए आयोजित किया गया था।


