लखनऊ। सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ लखनऊ सुपरजाएंट्स के कप्तान ऋषभ पंत ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला लिया है। लखनऊ टीम में एक बदलाव है। वहीं, सनराइजर्स ने प्लेइंग-11 में दो बदलाव किए हैं। ओपनिंग करने के सवाल पर पंत ने कहा कि वह देखेंगे। लखनऊ की टीम में एनरिक नॉर्त्जे की जगह एम सिद्धार्थ की एंट्री हुई है। वहीं, सनराइजर्स की टीम में हर्षल पटेल और लियाम लिविंगस्टोन की एंट्री हुई है।
सनराइजर्स की टीम ने अपने पिछले मैच में कोलकाता नाइट राइडर्स (केकेआर) को 65 रन से हराया था जिससे वह अपने घरेलू मैदान पर सत्र के पहले मैच में आत्मविश्वास के साथ उतरेगी। सनराइजर्स को हैदराबाद की परिस्थितियां पसंद हैं और इसलिए वह मैच में जीत के प्रबल दावेदार के रूप में शुरुआत करेगा। ट्रेविस हेड और अभिषेक शर्मा की फॉर्म में वापसी उसके लिए अच्छे संकेत हैं। पैट कमिंस की अनुपस्थिति में कप्तानी कर रहे ईशान किशन ने भी अच्छा प्रदर्शन किया है, जबकि हेनरिक क्लासेन का अनुभव उसके मध्य क्रम को मजबूती प्रदान करता है। उन्होंने कोलकाता में पिछले मैच में अर्धशतक बनाया था। भारतीय ऑलराउंडर नीतीश कुमार रेड्डी ने अपने ऑलराउंड प्रदर्शन से प्रभावित किया जबकि हर्ष दुबे ने स्पिन गेंदबाजी से नियंत्रण प्रदान किया।
गेंदबाजी एलएसजी का मजबूत पक्ष है। पिछले मैच में मोहम्मद शमी ने युवा तेज गेंदबाज प्रिंस यादव के साथ मिलकर नई गेंद से शानदार गेंदबाजी करते हुए पुराने दिनों की याद दिला दी, लेकिन बीच के ओवरों में उसके गेंदबाज अपेक्षित प्रदर्शन नहीं कर पाए जिससे पिछले सत्र में 14 विकेट लेने वाले मिस्ट्री लेग स्पिनर दिग्वेश राठी को टीम से बाहर रखने पर सवाल उठने लग गए हैं।