HomeTrendingखान सर ने कोर्ट में डाली अग्रिम जमानत याचिका

खान सर ने कोर्ट में डाली अग्रिम जमानत याचिका

-

कोर्ट कल करेगा सुनवाई, दो गार्डों पर भी फैसला कल


पटना। खान ग्लोबल स्टडीज में हुई फायरिंग और बवाल के मामले में संस्थान के निदेशक फैजल खान उर्फ खान सर की अग्रिम जमानत याचिका आज पटना सिविल कोर्ट में दाखिल की गई है। इस पर मंगलवार को सुनवाई होगी।

वहीं, इस मामले में गिरफ्तार उनके दो सुरक्षा गार्डों की जमानत याचिका पर भी सुनवाई कर आदेश सुरक्ष‍ित रख लिया गया है।

बताया जाता है कि ज्ञान बिंदु के वकील ने इरादतन गोली चलाने की बात कहते हुए जमानत का विरोध किया है। खान सर के अधिवक्ता ने शनिवार को अग्रिम जमानत के लिए आॅनलाइन आवेदन की प्रक्रिया पूरी की थी।

दूसरी ओर, चार दिन बीत जाने के बावजूद पुलिस अभी तक खान सर तक नहीं पहुंच सकी है। उनके ठिकाने को लेकर लगातार अटकलें लग रही हैं, लेकिन आधिकारिक तौर पर पुलिस ने कोई जानकारी साझा नहीं की है।

शनिवार को पूरे दिन पटना सिविल कोर्ट परिसर में खान सर के आत्मसमर्पण की चर्चा रही। हालांकि, उनके अधिवक्ता अरविंद कुमार मौआर ने इन अटकलों को सिरे से खारिज कर दिया।
उन्होंने कहा कि उनके मुवक्किल के सरेंडर का कोई सवाल ही नहीं उठता। वकील का दावा है कि खान सर को साजिश के तहत मामले में फंसाया गया है और कानूनी प्रक्रिया के तहत उनका पक्ष अदालत के समक्ष रखा जाएगा।

फायरिंग मामले में गिरफ्तार खान सर के दो सुरक्षा गार्डों ने पूछताछ में पुलिस को बताया था कि उन्होंने खान सर के निर्देश पर दो-दो राउंड फायरिंग की थी।

गार्डों के इस बयान के बाद पुलिस ने मामले की प्राथमिकी में फैजल खान का नाम भी जोड़ दिया। इसी के बाद से उनकी गिरफ्तारी की संभावना को लेकर चर्चा तेज हो गई है।

इधर, प्रशासनिक स्तर पर भी खान ग्लोबल स्टडीज की मुश्किलें बढ़ती नजर आ रही हैं। एक दिन पहले संस्थान और उससे जुड़े अस्पताल परिसर में फायर सेफ्टी आॅडिट किया गया था।
जांच के दौरान कई खामियां सामने आने के बाद संबंधित प्रबंधन को एक सप्ताह का समय दिया गया है। फायर विभाग ने स्पष्ट किया है कि 15 जून तक आवश्यक सुधार नहीं किए जाने पर नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।

गौरतलब है कि 2 जून की रात खान ग्लोबल स्टडीज परिसर में हुए बवाल के बाद ज्ञान बिंदु कोचिंग के निदेशक रौशन आनंद और उनके दो सहयोगियों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेजा जा चुका है। खान सर के दो गार्ड भी फायरिंग के मामले में गिरफ्तार किए जा चुके हैं। गार्डों के बयान पर पुलिस ने एफआईआर में खान सर का नाम जोड़ा था।
इस पूरे घटनाक्रम पर छात्र नेता दिलीप कुमार ने भी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा कि कोचिंग संस्थानों के बीच बढ़ता विवाद और फायरिंग जैसी घटनाएं राज्य की छवि को नुकसान पहुंचा रही हैं।

उन्होंने दोनों पक्षों से विवाद समाप्त करने की अपील करते हुए सवाल उठाया कि जब रौशन आनंद की गिरफ्तारी हो सकती है तो खान सर के मामले में अब तक कार्रवाई क्यों नहीं हुई।
फिलहाल, सबकी नजर पटना सिविल कोर्ट में होने वाली सुनवाई और पुलिस की अगली कार्रवाई पर टिकी हुई है। अग्रिम जमानत याचिका दाखिल होने के बाद मामले की कानूनी दिशा काफी हद तक स्पष्ट हो सकती है।

Related articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Stay Connected

4,000,000FansLike
100,000SubscribersSubscribe

Latest posts