– नेशनल हाईवे पर सड़क पार करते समय हुआ हादसा, दो बच्चों का पिता था मृतक।
कन्नौज। एक सड़क हादसे में एक किसान की मौत हो गई। गुरसहायगंज कोतवाली क्षेत्र के इस्माइलपुर गांव के पास नेशनल हाईवे पर सड़क पार करते समय एक तेज रफ्तार बाइक ने उन्हें टक्कर मार दी। इस हादसे में बाइक सवार भी घायल हो गया, जिसे निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

यह घटना देर रात की है, जब 52 वर्षीय किसान अशोक बाथम परचून का सामान लेने के लिए नेशनल हाईवे पार कर रहे थे। पीछे से आ रही एक बाइक ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी, जिससे वे उछलकर सड़क पर गिर गए और गंभीर रूप से घायल हो गए।
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायल अशोक बाथम को गुरसहायगंज के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले गई। वहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। अशोक की मौत की खबर मिलते ही उनके परिवार में पत्नी मंजू, बेटे साहिल, सुमित और बेटी शीतल का रो-रोकर बुरा हाल हो गया।
इस दुर्घटना में तालग्राम थाना क्षेत्र के रोहली गांव निवासी बाइक सवार मिथुन ठाकुर भी घायल हो गए। उनके परिजनों ने उन्हें एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया है। पुलिस ने किसान के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।

