दस लाख रुपये का सामान जलकर राख, डेढ़ घंटे में बुझी आग
संभल। असमोली थाना क्षेत्र के मढ़न गांव में मंगलवार देर रात इनवर्टर-बैटरी की दुकान में शॉर्ट सर्किट से भीषण आग लग गई। आग में इनवर्टर, बैटरियां, एसी, फ्रिज, कूलर और फर्नीचर समेत करीब 10 लाख रुपये का सामान जलकर राख हो गया।
सूचना पर पहुंची पुलिस और दमकल टीम ने करीब डेढ़ घंटे की मशक्कत के बाद बुधवार तड़के 2:30 बजे आग पर काबू पाया। प्रारंभिक जांच में बैटरी चार्जिंग के दौरान ओवरलोड के चलते शॉर्ट सर्किट से आग लगने की आशंका जताई जा रही है।
उक्त पूरा घटनाक्रम संभल के जिला मुख्यालय बहजोई से 48 किलोमीटर दूर तहसील संभल के थाना असमोली क्षेत्र के गांव मढ़न का है।गांव निवासी आसुम शाह पुत्र मियां मदारी की मार्केट बनी है जिसमें एक दुकान गांव रतूपुरा निवासी मौहम्मद आकिल पुत्र कल्लू ने 20 दिन पहले 3500 रुपये में किराए पर ली थी।
रोजाना की तरह दुकान बंद करके मंगलवार की रात्रि 08 बजे चला गया, मध्यरात्रि में दुकान के अंदर आग लगने की सूचना मिलते ही डायल 112 पुलिस एवं मढ़न पुलिस चौकी प्रभारी एवं अनुज चौहान घटनास्थल पहुंच गए, ग्रामीण भी इकट्ठा हो गए उन्होंने पहले खुद ही आग पर काबू पाने का प्रयास किया।
उधर थाना पुलिस की सूचना के बाद दमकल विभाग की टीम भी घटनास्थल पहुंची और डेढ़ घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद दुकान के अंदर लगी भीषण आग पर काबू पाया जा सका है। टांडा कोठी विद्युत उपकेंद्र को दुकानों में लगी आग की सूचना देकर विद्युत आपूर्ति को बंद कराया गया।
दुकानदार आकिल के अनुसार इस आग की घटना में उसे 10 लाख रुपये से अधिक का नुकसान हुआ है। 20 दिन पहले ही दुकान किराए पर ली थी, दुकान में एसी, बैटरियां, इनवर्टर, फ्रिज, कूलर समेत फर्नीचर अन्य इलेक्ट्रॉनिक सामान रखा हुआ था, जो जलकर राख हो गया है।
पुलिस चौकी प्रभारी अनुज चौहान ने बताया कि प्रारंभिक जांच में शॉर्ट-सर्किट से आग लगने की बात सामने आई है। घटना के समय दुकानदार की ओर से कोई शिकायत नहीं दी गई है, दिन में पूरे मामले की जांच की जाएगी और शिकायत मिलती है तो उसके आधार पर जांच कर कार्रवाई करेंगे।