मेरठ- सपा विधायक अतुल प्रधान का विक्टोरिया पार्क में चल रहा धरना सोमवार को पांचवें दिन खत्म हो गया। हालाकि अतुल का कहना है कि धरना स्थगित हुआ है। अधिकारियों के आश्वासन पर 10 दिन का समय दिया है। अगर व्यवस्था में सुधार नहीं हुआ तो इस बार कलक्ट्रेट में धरना देकर दिवाली मनाएंगे। विधायक ने महापंचायत का एलान किया हुआ था। दोपहर साढ़े तीन बजे पंचायत हुई जिसमें एडीएम सिटी बृजेश सिंह, सीएमओ डॉ. अशोक कटारिया, मेडिकल कॉलेज के प्रमुख अधीक्षक डॉ. धीरज राज, जिला विद्यालय निरीक्षक राकेश कुमार और बेसिक शिक्षा अधिकारी आशा चौधरी भी इसमें शामिल हुए। विधायक ने इन्हें अपना मांग पत्र सौंपा। अधिकारियों ने आश्वासन दिया कि विधायक की जो मांग हैं, उनके अनुसार व्यवस्था में सुधार कराया जाएगा।
इस आश्वासन पर अतुल प्रधान ने पंचायत में आए लोगों की सहमति लेकर यह कहते हुए धरना खत्म कर दिया कि इसे खत्म न समझा जाए, सिर्फ स्थगित किया है। मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य डॉ. आरसी गुप्ता के धरना स्थल पर नहीं पहुंचने पर उन्होंने नाराजगी जताई। महंगी शिक्षा और महंगे इलाज के खिलाफ अतुल प्रधान ने बृहस्पतिवार से धरना शुरू किया था। पहले वह कलक्ट्रेट में धरना देना चाहते थे, मगर उन्हें इसकी अनुमति नहीं मिली। उन्हें विक्टोरिया पार्क में एक दिन के धरने की अनुमति मिली, लेकिन उन्होंने इसे पांच दिन जारी रखा।




