HomeCRIME NEWSपति ने ब्यूटी पार्लर संचालक व सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर पत्नी की चाकुओं...

पति ने ब्यूटी पार्लर संचालक व सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर पत्नी की चाकुओं से गोदकर हत्या, खुद पर भी किए वार।

-

मेरठ। सरूरपुर थाना क्षेत्र के हर्रा कस्बे में शुक्रवार सुबह घरेलू विवाद खूनी संघर्ष में बदल गया। पति ने अपनी पत्नी, ब्यूटी पार्लर संचालक एवं सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर निशा चौहान की चाकुओं से ताबड़तोड़ हमला कर हत्या कर दी। वारदात के बाद आरोपी ने खुद को भी चाकू मारकर घायल कर लिया। घटना सुबह करीब छह बजे हुई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायल आरोपी को अस्पताल में भर्ती कराया, जबकि महिला के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। पूरी घटना आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है।

पुलिस के अनुसार, शुक्रवार सुबह पति-पत्नी के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी हुई थी। विवाद बढ़ने पर आरोपी प्रदीप ने घर में रखे चाकू से पत्नी पर कई वार कर दिए। हमले में महिला गंभीर रूप से घायल होकर लहूलुहान हो गई। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, हमले के दौरान उसका गला भी काटा गया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी ने खुद पर भी तीन चाकू मार लिए। उसे गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां चिकित्सकों की निगरानी में उसका उपचार चल रहा है।

घटना की सूचना पर सरूरपुर थाना पुलिस, फॉरेंसिक टीम और पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल से खून से सने चाकू समेत अन्य साक्ष्य कब्जे में लिए और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी सुरक्षित कर ली है। अधिकारियों का कहना है कि फुटेज के साथ अन्य साक्ष्यों की जांच की जा रही है, जिससे घटनाक्रम की पूरी कड़ी स्पष्ट हो सके।

मृतका निशा चौहान सोशल मीडिया पर सक्रिय रहने के साथ ब्यूटी पार्लर का संचालन करती थीं। दंपती के तीन बच्चे हैं—16 वर्षीय देव, 14 वर्षीय एलिक्स और 11 वर्षीय बेटी। घटना के बाद तीनों बच्चों का रो-रोकर बुरा हाल है। वारदात की खबर फैलते ही हर्रा कस्बे में लोगों की भीड़ जमा हो गई और क्षेत्र में सनसनी फैल गई।

पुलिस का कहना है कि आरोपी के स्वस्थ होने के बाद उससे पूछताछ की जाएगी। हत्या के पीछे की वजह जानने के लिए परिवार के सदस्यों और अन्य लोगों से भी जानकारी जुटाई जा रही है। मामले में सभी पहलुओं की जांच के बाद अग्रिम विधिक कार्रवाई की जाएगी।

Related articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Stay Connected

4,000,000FansLike
100,000SubscribersSubscribe

Latest posts