बिजली विभाग के उपकरण और पेपर कटिंग मिली, नगर पालिका करेगी जांच
रामपुर। दिल्ली-लखनऊ हाईवे-24 के किनारे शुक्रवार सुबह केमिकलयुक्त कचरे में अचानक आग लग गई। देखते ही देखते आग की लपटें काफी ऊंची उठने लगीं। हाईवे से गुजर रहे जेसीबी ट्रैक्टर के चालक ने आग बुझाने की कोशिश की और दमकल विभाग को सूचना दी।
सूचना मिलते ही दमकल की टीम मौके पर पहुंची। करीब आधे घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। आग बुझने के बाद मौके पर बिजली विभाग से जुड़े उपकरण, पेपर कटिंग और अन्य केमिकलयुक्त सामान बिखरा मिला।
मौके पर मिले बिजली विभाग से जुड़े उपकरण और अन्य सामान के बाद आशंका जताई जा रही है कि किसी ने बिजली विभाग से संबंधित केमिकलयुक्त कचरा यहां लाकर फेंका होगा। हालांकि, कचरा किसने डाला और आग कैसे लगी, इसकी अभी पुष्टि नहीं हुई है। यह भी जांच का विषय है कि आग किसी ने जानबूझकर लगाई या किसी दूसरी वजह से कचरे में आग भड़की।
घटना की जानकारी मिलने पर सिटी मजिस्ट्रेट सालकराम ने नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी को पूरे मामले की जांच के निर्देश दिए हैं। उन्होंने हाईवे किनारे केमिकलयुक्त कचरा और बिजली से जुड़े उपकरण फेंकने वाले का पता लगाने को कहा है। दमकल विभाग भी संबंधित विभाग को पत्र लिखकर मौके पर मिले सामान के बारे में जानकारी मांगेगा। इससे पता लगाने में मदद मिलेगी कि सामान किस विभाग या व्यक्ति से संबंधित है।
नगर पालिका के सेनेटरी इंस्पेक्टर अविनाश कुमार ने बताया कि वे मौके पर जाकर पहले पूरे मामले की जांच करेंगे। इसके बाद संबंधित अधिकारियों को जानकारी दी जाएगी और उसी के आधार पर आगे की कार्रवाई तय होगी।
आग की चपेट में आने से हाईवे किनारे खड़े तीन खजूर के पेड़ बुरी तरह झुलस गए। गनीमत रही कि समय रहते दमकल की टीम ने आग पर काबू पा लिया। आग फैलती तो आसपास के दूसरे पेड़ भी इसकी चपेट में आ सकते थे।
मौके से मिले बिजली के उपकरण और कचरे के संबंध में बिजली विभाग के अधिकारियों से उनके सीयूजी नंबर पर जानकारी लेने की कोशिश की गई, लेकिन कोई जवाब नहीं मिला। अब संबंधित विभाग को पत्र भेजकर मौके पर मिले सामान के बारे में जानकारी मांगी जाएगी।