खलासी की जलकर हुई मौत, आग बुझने तक डंपर भी जलकर हुआ खाक
हमीरपुर। चिकासी थाना क्षेत्र में बुधवार शाम एक डंपर हाई टेंशन लाइन की चपेट में आ गया। इस हादसे में डंपर के खलासी की जलकर मौत हो गई। सूचना मिलने पर पहुंची फायर ब्रिगेड ने आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक डंपर पूरी तरह जलकर खाक हो चुका था। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
यह घटना चिकासी थाना क्षेत्र के इच्छौरा बेंदा मार्ग पर शाम लगभग 6 बजे हुई। जालौन जनपद के कालपी निवासी डंपर चालक जितेंद्र का डंपर खराब हो गया था, जिसकी वह एक मिस्त्री के साथ मरम्मत करा रहा था।
इसी दौरान, जालौन के कदौरा निवासी 20 वर्षीय खलासी आशीष डंपर के ऊपर चढ़कर मोबाइल पर बात करने लगा। बात करते समय वह ऊपर से गुजर रही हाई टेंशन लाइन की चपेट में आ गया, जिससे डंपर में तुरंत आग लग गई और आशीष की मौके पर ही मौत हो गई।
आग ने देखते ही देखते विकराल रूप धारण कर लिया, जिससे इलाके में अफरातफरी मच गई। फायर ब्रिगेड और पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंची और आग बुझाने का प्रयास किया।
चिकासी थाना प्रभारी मयंक सिंह चंदेल ने बताया कि खराब हुए खाली डंपर की मरम्मत की जा रही थी। खलासी ने डंपर पर चढ़ते समय हाई टेंशन लाइन पर ध्यान नहीं दिया, जिसके कारण यह हादसा हुआ। पुलिस ने खलासी के शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।