जुमे की नमाज को लेकर मस्जिदों पर कड़ा पहरा, एडीजी, डीआईजी, एसएसपी ने संभाली कमान
शारदा रिपोर्टर, मेरठ। सहारनपुर में मस्जिद गिराए जाने के बाद जगह-जगह शुरू हुए विरोध-प्रदर्शनों और विपक्षी दलों के इसे मुद्दा बनाने के बीच शुक्रवार को जुमे की नमाज को लेकर मेरठ में हाई अलर्ट घोषित कर दिया गया। शहर से लेकर देहात तक मस्जिदों के आसपास सुरक्षा बढ़ा दी गई है। संवेदनशील और मिश्रित आबादी वाले इलाकों में पीएसी तैनात की गई है। पुलिस-प्रशासन की नजर किसी भी तरह की अफवाह, विरोध या माहौल बिगाड़ने की कोशिश पर है।
मेरठ की जामा मस्जिद से लेकर हापुड़ रोड स्थित इमलियान मस्जिद समेत प्रमुख और संवेदनशील मस्जिदों पर अतिरिक्त पुलिस बल लगाया गया है। नमाज के दौरान भीड़ को देखते हुए पुलिसकर्मियों को पहले से ही निर्धारित स्थानों पर तैनात किया गया है। शहर के साथ ही देहात क्षेत्र में भी अधिकारियों को लगातार भ्रमण करते रहने के निर्देश दिए गए हैं।
सुरक्षा व्यवस्था की निगरानी के लिए सभी एडिशनल एसपी, डिप्टी एसपी और थानेदारों को नमाज संपन्न होने तक अपने-अपने निर्धारित क्षेत्रों और संवेदनशील स्थलों पर मौजूद रहने की हिदायत दी गई है। अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि वे मस्जिदों के आसपास सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेते रहें और किसी भी सूचना पर तत्काल मौके पर पहुंचें।
शहर में सुरक्षा व्यवस्था पर कंट्रोल रूम से लगातार नजर रखी जा रही है। आईसीसीसी (इंटीग्रेटेड कमांड एंड कंट्रोल सेंटर) के कैमरों की मदद से प्रमुख स्थानों और संवेदनशील इलाकों की निगरानी की जा रही है। पुलिस अधिकारियों को संदिग्ध गतिविधि या भीड़ बढ़ने की स्थिति में तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं।
सड़क पर उतरे आला अधिकारी
जुमे की नमाज को लेकर पुलिस की तैयारियों का जायजा लेने के लिए एडीजी जोन भानु भास्कर, डीआईजी रेंज कलानिधि नैथानी और एसएसपी बीबी जीटीएस मूर्ति भी सड़क पर उतरकर सुरक्षा व्यवस्था देख रहे हैं। अधिकारी संवेदनशील क्षेत्रों का भ्रमण कर पुलिसकर्मियों को सतर्कता बरतने के निर्देश दे रहे हैं। पुलिस का फोकस नमाज के दौरान शांति व्यवस्था बनाए रखने के साथ नमाज के बाद भीड़ के सुरक्षित तरीके से लौटने पर भी है।
सोशल मीडिया पर भी रखी जा रही नजर
सहारनपुर की घटना के बाद सोशल मीडिया पर चल रहे संदेशों और प्रतिक्रियाओं को लेकर भी पुलिस सतर्क है। पुलिस अधिकारियों ने अधीनस्थों को अफवाह फैलाने वालों और माहौल खराब करने वाली गतिविधियों पर तत्काल नजर रखने के निर्देश दिए हैं। अधिकारियों का कहना है कि जुमे की नमाज शांतिपूर्वक संपन्न कराने के लिए पर्याप्त पुलिस बल तैनात है और किसी भी स्थिति से निपटने के लिए पुलिस पूरी तरह तैयार है।

