– हीट वेव और एक्यूआई का स्तर बढ़ने से जनजीवन प्रभावित, तापमान पहुंचा 41 के पास।
शारदा रिपोर्टर मेरठ। जनपद मेरठ में अब धीरे-धीरे गर्मी ने जोर पकड़ लिया है और अप्रैल के महीने में ही तापमान 40 के ऊपर पहुंच गया है। मंगलवार को मेरठ में अधिकतम तापमान 41 डिग्री सेल्सियस के पास पहुंच गया। जबकि, अप्रैल में ही जून जैसी गर्मी महसूस की जा रही है, और मौसम विभाग ने हीटवेव (लू) की चेतावनी दी है। सुबह 11 बजे के बाद धूप काफी तेज लगने लगी है, जिससे दोपहर में बाहर निकलना मुश्किल हो रहा है।

वहीं, मौसम वैज्ञानिकों की मानें तो आने वाले दिनों में भीषण गर्मी शहरवासियों को पसीना पसीना करती हुई नजर आएगी। सरदार वल्लभ भाई पटेल कृषि विश्वविद्यालय के मौसम केंद्र के प्रभारी डा. यूपी शाही ने बताया कि जब अधिकतम तापमान 40 डिग्री से अधिक और सामान्य से 4.5 डिग्री अधिक हो साथ ही न्यूनतम तापमान भी सामान्य से 4 डिग्री सेल्सियस अधिक होना चाहिए।
सोमवार के बाद मंगलवार को सुबह से ही तेज धूप निकलने के कारण दोपहर के समय गर्मी का असर और ज्यादा महसूस किया गया। आसमान पूरी तरह साफ रहने से धूप की तीव्रता लगातार बढ़ रही है, जिससे दिन में बाहर निकलना मुश्किल हो गया। मौसम विभाग के अनुसार अगले कुछ दिनों तक मौसम का यही मिजाज बना रह सकता है और तापमान में और बढ़ोतरी की संभावना है। लेकिन परेशानी की खबर यह है कि, इस भीषण गर्मी के साथ-साथ शहर में प्रदूषण का स्तर भी बढ़ने लगा है। हवा की रफ्तार कम होने और शुष्क मौसम के कारण वातावरण में धूल और प्रदूषक कणों की मात्रा बढ़ रही है, जिससे वायु गुणवत्ता प्रभावित हो रही है।
चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय की मौसम वेधशाला के अनुसार मेरठ में दिन का अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 19.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। शहर में वायु गुणवत्ता सूचकांक एक्यूआई भी खराब श्रेणी में दर्ज किया गया। मेरठ का औसत एक्यूआई 208 रिकॉर्ड किया गया। वहीं अलग-अलग इलाकों में जैसे गंगानगर में 220 एक्यूआई रहा। तो वहीं, जयभीम नगर 267, पल्लवपुरम 136, बेगम पुल 250, दिल्ली रोड 258 एक्यूआई दर्ज किया गया। वहीं, बढ़ती गर्मी को देखते हुए कृषि विवि के मौसम वैज्ञानिक डॉ. यूपी शाही के अनुसार फिलहाल मौसम में किसी बड़े बदलाव के संकेत नहीं हैं और आने वाले दिनों में गर्मी और बढ़ सकती है।

