– रेलवे लाइन से फिश प्लेट चोरी का मामला।
हापुड़। पिलखुवा क्षेत्र में रेलवे लाइन से फिश प्लेट चोरी के मामले में रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनमें एक फरार आरोपी और एक कबाड़ी शामिल है। पुलिस ने चोरी की गई फिश प्लेट भी बरामद कर ली है।

दरअसल, यह घटना पिलखुवा क्षेत्र के लाखन रेलवे फाटक के पास हुई थी। पहली बार 30 दिसंबर को रेलवे लाइन को जोड़ने वाली फिश प्लेट चोरी की गई थी। इसके बाद, 26 जनवरी को उसी स्थान पर दोबारा चोरी की वारदात को अंजाम दिया गया। दूसरी घटना के दौरान चोर मौके पर एक स्कूटी छोड़कर फरार हो गए थे। इन घटनाओं के बाद ट्रेनों का संचालन धीमी गति से कराना पड़ा था। दोनों मामलों में आरपीएफ थाने में मुकदमा दर्ज किया गया था, जिसके बाद से आरपीएफ टीम चोरों की तलाश में जुटी थी।
आरपीएफ थाना प्रभारी राकेश कुमार यादव ने बताया कि दोनों मामलों की जांच उप निरीक्षक अनिल कुमार तेवतिया ने अपनी टीम के साथ की। जांच के दौरान लाखन निवासी दीपू तोमर को गिरफ्तार किया गया। पूछताछ में दीपू ने बताया कि उसने चोरी की गई फिश प्लेट लाखन एरिया में सर्विस रोड रिलायंस रोड के मोड़ पर स्थित कबाड़ की दुकान पर जानमोहम्मद को बेची थी। पुलिस ने कबाड़ी जानमोहम्मद को भी गिरफ्तार कर लिया और चोरी की गई फिश प्लेट बरामद कर ली।

