हाफ एनकाउंटर में तीन को गोली लगी, 11 लाख नकद, लग्जरी कार बरामद
सुलतानपुर। पुलिस मुठभेड़ के बाद 50 हजार के इनामी बदमाश सहित चार शातिर चोरों को गिरफ्तार किया गया है। इस दौरान तीन बदमाशों के पैर में गोली लगी है, जिन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने इनके पास से लगभग 11 लाख रुपये नकद, ज्वेलरी, असलहे, कारतूस और एक कंपास जीप बरामद की है।
अपर पुलिस अधीक्षक बृज नारायण सिंह ने बताया कि गिरफ्तार किए गए सभी बदमाश सीतापुर जनपद के रहने वाले हैं। गुरुवार देर रात जयसिंहपुर पुलिस और बदमाशों के बीच पीढ़ी टोल प्लाजा के पास हुई मुठभेड़ में इन्हें पकड़ा गया।
एएसपी ने बताया कि सुलतानपुर में चोरी और नकबजनी की घटनाओं को रोकने के लिए नियमित गश्त और चेकिंग की जा रही थी। 2/3 जुलाई की रात लगभग 3:00 बजे जयसिंहपुर पुलिस पीढ़ी टोल के पास चेकिंग कर रही थी। तभी सूचना मिली कि कुछ संदिग्ध व्यक्ति एक जीप कंपास से क्षेत्र में घूम रहे हैं और चोरी की वारदात को अंजाम देने की फिराक में हैं।
सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने बदमाशों की घेराबंदी कर उन्हें रोकने का प्रयास किया। हालांकि, बदमाश जबरदस्ती वहां से भाग निकले, जिसके बाद पुलिस ने उनका पीछा किया। खुद को घिरा देखकर बदमाशों ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में तीन बदमाश घायल हो गए।
घायल बदमाशों की पहचान अनिकेत चौहान पुत्र पिंकू चौहान (निवासी नरेंद्रपुर, थाना सदरपुर, सीतापुर) के रूप में हुई है, जिस पर लगभग 52 मुकदमे दर्ज हैं और वह 50,000 रुपये का इनामी बदमाश है। अन्य घायलों में आकाश पुत्र अवधेश (निवासी बीबीपुर, थाना इमलीया सुल्तानपुर, सीतापुर) शामिल है, जिस पर 46 मुकदमे बताए जा रहे हैं।
गिरफ्तार किए गए अन्य बदमाशों में मिथलेश चौहान पुत्र सुंदर लाल (निवासी मथुआपुर, थाना रेउसा, सीतापुर) है, जिस पर 26 मुकदमे दर्ज हैं, और अजय पुत्र अनंत राम (निवासी बीबीपुर इमलीया, सुल्तानपुर) है, जिस पर 22 मुकदमे दर्ज बताए जा रहे हैं।
घायल अभियुक्तों को, जिसमें तीन घायल अभियुक्त हैं, इनको इलाज के लिए सीएचसी जयसिंहपुर भेजा गया है, जहां पर इनका इलाज किया जा रहा है। इनके पास से कुल 3 देसी तमंचे, 22 राउंड जिंदा कारतूस, लगभग 11,00,000 रुपये नकद, एक जीप कंपास और कुछ ज्वेलरी भी बरामद हुए हैं।
पूछताछ में अभियुक्तों ने स्वीकार किया कि इनके द्वारा काफी दिनों से आसपास के जनपदों में, पूरे क्षेत्र में लगातार चोरियां संपादित की जा रही हैं। आज भी ये चोरी करने की नियत से ही आए हुए थे, जिसके दौरान ये पकड़े गए हैं। अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।