राठौड़ा खुर्द में पुराने रास्ते से ही बनेगा नाला, एडीओ पंचायत ने दिया आश्वासन—किसी किसान के खेत से नहीं गुजरेगा नाला
हस्तिनापुर। ग्राम राठौड़ा खुर्द में नाला निर्माण को लेकर चल रहा विवाद किसानों के लगातार विरोध और शिकायतों के बाद मंगलवार को पंचायत विभाग के अधिकारियों तक पहुंचा। एडीओ पंचायत ने गांव पहुंचकर निर्माणाधीन नाले का मौके पर निरीक्षण किया और किसानों से बातचीत कर उनकी समस्याएं सुनीं। किसानों ने स्पष्ट कहा कि नाले को किसी भी हालत में उनकी कृषि भूमि से होकर न निकाला जाए।
किसानों ने अधिकारियों को बताया कि गांव में जल निकासी के लिए पुराने नक्शे में नाले का रास्ता पहले से निर्धारित है। इसके बावजूद नाले का रुख बदलकर किसानों के खेतों की ओर किए जाने से विवाद खड़ा हुआ। किसानों का कहना है कि यदि पुराने रास्ते से ही नाले का निर्माण कराया जाए तो किसी की कृषि भूमि प्रभावित नहीं होगी और गांव के पानी की निकासी भी आसानी से हो सकेगी।
पुराने रास्ते पर ही बनेगा नाला
मौके पर निरीक्षण के दौरान एडीओ पंचायत ने किसानों को आश्वासन दिया कि नाले को पुराने निर्धारित रास्ते से ही निकाला जाएगा। किसी दूसरे किसान के खेत से नाला नहीं गुजारा जाएगा। अधिकारी के इस आश्वासन के बाद किसानों ने भी पुराने रास्ते को बहाल कर जल निकासी की व्यवस्था कराने की मांग दोहराई।
किसान प्रदीप बवेजा ने एडीओ पंचायत के सामने अपने खेत में जमा पानी की समस्या रखी। उन्होंने बताया कि अधूरे नाले के कारण खेत में पानी जमा हो रहा है, जिससे फसलों को नुकसान की आशंका बनी हुई है। उन्होंने खेत के पीछे की ओर बनाए गए नाले को बंद कर पुराने रास्ते से जल निकासी कराने की मांग की।
आश्वासन के बाद किसानों को राहत
एडीओ पंचायत ने किसानों को भरोसा दिलाया कि विवादित हिस्से को बंद कर पुराने रास्ते पर ही नाले की खुदाई और निर्माण कराया जाएगा। पंचायत विभाग के इस आश्वासन से किसानों को फिलहाल राहत मिली है। हालांकि अब किसानों की नजर इस बात पर है कि पुराने रास्ते पर नाले का काम कब शुरू होता है और खेतों में जमा पानी की निकासी कब तक सुनिश्चित हो पाती है।