घर से 35 तोले सोना, आधा किलो चांदी और नकदी समेत लाखों का सामान ले उड़े चोर
गाजियाबाद। मुरादनगर स्थित भिक्कनपुर गांव में एक घर से लाखों रुपये के जेवर और नकदी चोरी हो गई। चोरों ने रात में घर के ताले तोड़कर चोरी को अंजाम दिया। घटना का पता परिवार को सुबह चला।
अज्ञात चोरों ने देर रात करीब 1:30 बजे शिवदत्त शर्मा के घर को निशाना बनाया और 35 तोले सोना, आधा किलो चांदी के आभूषण और 10 हजार रुपये नकद लेकर फरार हो गए। चोरी हुए सोने में 12 कंगन, महिला-पुरुषों की कई अंगूठियां, हार और लॉकेट शामिल हैं। इसके अलावा, चोरों ने करीब आधा किलो चांदी के आभूषण और अन्य सामान भी चुराया।
पीड़ित शिवदत्त शर्मा ने बताया कि रात करीब 2 बजे उनकी नींद खुली तो घर के ताले टूटे हुए मिले। उन्होंने तुरंत डायल-112 पर पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलने के लगभग 15 मिनट बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया।
इस बड़ी चोरी की घटना से पूरे गांव में सनसनी फैल गई है और स्थानीय लोगों में रोष व्याप्त है। पीड़ित की तहरीर के आधार पर पुलिस ने अज्ञात चोरों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
एसीपी मसूरी सुनील भारद्वाज ने बताया कि पीड़ित की शिकायत पर आवश्यक कार्रवाई की जा रही है। पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है और चोरों का पता लगाने के लिए प्रयास जारी हैं।