पांच करोड़ की धोखाधड़ी के आरोपियों लविश चौधरी और साथियों ने फैलाई दहशत
गाजियाबाद। औद्योगिक क्षेत्र ट्रॉनिका सिटी में एक फैक्ट्री मालिक को डराने-धमकाने के लिए फैक्ट्री गेट पर हवाई फायरिंग का सनसनीखेज मामला सामने आया है। पीड़ित की तहरीर पर थाना ट्रॉनिका सिटी पुलिस ने बुधवार शाम को मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पीड़ित सुनील कुमार जैन ने बताया कि उनकी फैक्ट्री में इलेक्ट्रिक मोटर स्टैंपिंग का कार्य होता है। 5 अक्टूबर 2026 की रात करीब 11 बजे अज्ञात व्यक्ति उनकी फैक्ट्री के गेट के सामने आए और अवैध हथियारों से फायर कर दहशत फैला दी। उस समय फैक्ट्री में गार्ड जसराज मौजूद था, जो गोली की आवाज सुनकर डर के छिप गया।
तहरीर में सुनील जैन ने आरोप लगाया है कि यह फायरिंग पुराने मुकदमों के नामजद आरोपियों ने ही षड्यंत्र रचकर कराई है। उन्होंने बताया कि कई धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। इन मुकदमों में नामजद आरोपी लवेश चौधरी उर्फ नवाब अली, नवाब हसन, प्रमोद सोलंकी, राशिद अली, साजिद अली, नसीम अहमद, विजय कुमार, पवन कुमार बरगोटी, शांति स्वरूप, सीमा रानी सिंघल, नाओरेम लंगजेंबी चानू, ऋषि चौरसिया, अवनीत कौर और उनके अन्य साथी पहले भी जान से मारने की धमकी दे चुके हैं।
पीड़ित का कहना है कि फायरिंग उन्हें डराने-धमकाने, पैसा हड़पने और मुकदमे वापस लेने का दबाव बनाने के लिए की गई है। घटना के बाद से पीड़ित, उसके परिवार और कर्मचारियों में भय का माहौल है और जान-माल को गंभीर खतरा बना हुआ है।
पुलिस ने 14 अक्टूबर शाम 5:51 बजे मामला दर्ज कर जांच उपनिरीक्षक नीरज कुमार को सौंपी है। एसएचओ ट्रॉनिका सिटी कुलदीप दीक्षित का कहना है कि केस दर्ज कर लिया है ,जांच के बाद आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।