अंकुर विहार थाना क्षेत्र के खजुरी पुश्ता मार्ग पर हादसा, चालक फरार
गाजियाबाद। अंकुर विहार थाना क्षेत्र में शनिवार सुबह एक तेज रफ्तार डम्फर की टक्कर से बाइक सवार की मौत हो गई। यह हादसा खजुरी पुश्ता मार्ग पर रामेश्वर पार्क बिजलीघर के पास हुआ। टक्कर के बाद डम्फर चालक वाहन सहित मौके से फरार हो गया।
एसीपी अंकुर विहार अमरदीप मौर्य ने बताया कि सुबह करीब 7 बजे हुई इस घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। घायल बाइक सवार को तत्काल अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
मृतक की पहचान 45 वर्षीय धर्मेंद्र गौतम पुत्र शोभाराम के रूप में हुई है, जो खानपुर, रामपार्क के निवासी थे। धर्मेंद्र बिल्डिंग बनाने का काम करते थे। उनके परिवार में पत्नी अनिता गौतम, दो बेटियां इशिका (19), दीपिका (17), अनुष्का (13) और एक बेटा कुणाल (15) हैं।
एसीपी ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और परिजनों को घटना की सूचना दे दी गई है। पुलिस आरोपी डम्फर चालक की तलाश कर रही है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालकर वाहन और चालक की पहचान कर गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं।