बेटे की हालत गंभीर, गुस्साए लोगों ने बनारस-लखनऊ हाईवे पर चक्का जाम किया, घटना के बाद ट्रक भी पलटा
वाराणसी। सोमवार सुबह आम लादकर मंडी जा रहे ट्रक ने पिता-पुत्र को रौंद दिया। इसके बाद ट्रक सड़क पर पलट गया। हादसे में पिता की मौत हो गई। जबकि बेटा गंभीर घायल है। आसपास के लोगों ने उन्हें अस्पताल पहुंचाया। जहां डॉक्टरों ने पिता को मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना के बाद पहुंचे परिजनों ने हंगामा काटा। घटनास्थल पर जुटे लोगों ने वाराणसी-लखनऊ हाईवे पर जाम लगा दिया। कुछ देर में वाहनों की कतार लग गई। एयरपोर्ट जाने वाले कई लोग जाम में फंस गए। इसके अलावा कई स्कूली बसें भी जाम में थमी हैं। पुलिस परिजनों को समझाकर जाम को खुलवाने का प्रयास कर रही है।
थाना शिवपुर के हटिया निवासी छेदी प्रजापति (65 वर्ष ) अपने परिवार के साथ कुल्हड़ बनाने का काम करते थे। सोमवार को छेदी अपने छोटे बेटे काशी प्रजापति (30) के साथ साइकिल से बाजार में कुल्हड़ सप्लाई लेकर जा रहा थे।
थाना क्षेत्र में कादम्बिनी लॉन (टीवीएस शोरूम) के पास तेज रफ्तार से आ रहा ट्रक अचानक अनियंत्रित हो गया। पिता-पुत्र ने बचने का प्रयास किया और सड़क के किनारे तक पहुंच गए लेकिन ट्रक की चेपट में आ गए।
आम लदे डीसीएम ने टक्कर मारते हुए कुचल दिया और कुछ दूर सुद्दीपुर में हनुमान मंदिर के सामने जाते ही डीसीएम अनियंत्रित होकर पलट गया।घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग जुट गए। जाम के चलते मार्ग पर यातायात प्रभावित हो गया है। सूचना मिलते ही मौके पर कई अधिकारी भी पहुंचे हैं।
परिजनों ने बताया कि छेदी के बडे बेटे बनारसी प्रजापति की तीन माह पहले ट्रेन से कटकर मौत हो चुकी है, तब से पूरा परिवार टूट गया था। पिछले दिनों से कामकाज शुरू किया था और छोटे बेटे के साथ कुल्हड़ की सप्लाई देने जाता था। हादसा सुबह लगभग 6 बजे हुआ और तब से परिजनों ने जाम लगाया हुआ है। पिछले ढाई घंटे से हाईवे पूरी तरह से जाम है।