रामलला दर्शन करने जा रहे श्रद्धालु, एक्सप्रेसवे पर चालक को झपकी आने से हुआ हादसा
इटावा। ताखा में अयोध्या में रामलला के दर्शन की आस लेकर निकले श्रद्धालुओं की यात्रा आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर हादसे का शिकार हो गई। जिसमें तीन लोग घायल हो गए।
बुधवार को ऊसराहार थाना क्षेत्र में गांव दीग के पास किलोमीटर संख्या 123/900 पर चालक को नींद की झपकी आने से तेज रफ्तार स्विफ्ट कार आगे चल रहे कंटेनर में पीछे से जा घुसी। हादसे में कार सवार पिता और उनके दोनों पुत्र घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस और यूपीडा की टीम ने घायलों को एंबुलेंस से सैफई स्थित उत्तर प्रदेश आयुर्विज्ञान विश्वविद्यालय (यूपीयूएमएस) के अस्पताल पहुंचाया। उपचार के बाद तीनों अपने गंतव्य के लिए रवाना हो गए।
जानकारी के अनुसार, हाथरस जिले के सादाबाद थाना क्षेत्र के नगला गूलर गांव निवासी मनोज कुमार अपने पुत्र आरव और चंद्रपाल के पुत्र कान्हा के साथ आगरा से लखनऊ की ओर जा रहे थे। तीनों अयोध्या में रामलला के दर्शन करने के लिए निकले थे। एक्सप्रेसवे पर दीग गांव के पास पहुंचते ही चालक को झपकी आ गई, जिससे कार अनियंत्रित होकर आगे चल रहे कंटेनर से टकरा गई। टक्कर से कार क्षतिग्रस्त हो गई और उसमें सवार तीनों लोग घायल हो गए।
हादसे की सूचना मिलते ही एक्सप्रेसवे चौकी पुलिस और यूपीडा की टीम मौके पर पहुंची। घायलों को तत्काल उपचार के लिए सैफई पीजीआई भेजा गया। क्षतिग्रस्त कार को हाइड्रा की मदद से हटवाकर यातायात सुचारु कराया गया। प्रभारी निरीक्षक नरेंद्र कुमार मिश्रा ने बताया कि हादसे में घायल तीनों लोगों को उपचार के लिए सैफई भेजा गया था।