महोली-बड़ागांव ओवरब्रिज बाइपास पर हुआ हादसा, पुलिस जांच में जुटी
सीतापुर। महोली-बड़ागांव ओवरब्रिज बाइपास पर एक बाइक सवार युवक को अवैध खनन कर जा रही ट्रैक्टर-ट्राली ने सोमवार की देर रात टक्कर मार दी। इस हादसे में युवक की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद ट्रैक्टर-ट्राली चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस ने शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेजा है और मामले की जांच कर रही है।
घटनास्थल पर मौजूद लोगों की जानकारी के अनुसार, लखीमपुर जिले के पसिगवां थाना क्षेत्र के अभयपुर (मुल्लापुर) गांव के उत्तम कुमार सिंह (35) यादवेंद्र सिंह के बेटे थे। वह रात करीब 12 बजे अपनी बाइक से मिश्रिख थाना क्षेत्र में प्राइवेट नौकरी करने जा रहे थे।
जब उत्तम महोली-बड़ागांव ओवरब्रिज के पास नींबू वाली बाग के निकट पहुंचे, तो उन्होंने अंडरपास में बारिश का पानी भरा देखा। उन्होंने अपनी बाइक धीमी की, तभी पीछे से अवैध खनन कर आ रही एक तेज रफ्तार अज्ञात ट्रैक्टर-ट्राली ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि उत्तम बाइक सहित उछलकर दूर जा गिरे और गंभीर रूप से घायल हो गए।
यूपी 112 पुलिस उन्हें महोली के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले गई, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। उत्तम की पर्स की तलाशी के दौरान आधार कार्ड, बैंक चेक और वोटर आईडी कार्ड मिले। इनसे उनकी पहचान की गई। पुलिस ने थाना पसिगवां से संपर्क कर उत्तम के परिजनों को हादसे की जानकारी दी।
चौकी प्रभारी राम आसरे चौधरी ने बताया कि महोली-बड़ागांव ओवरब्रिज पर हुए सड़क हादसे में एक बाइक सवार की मौत हुई है। पुलिस ने शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है। मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है।