शारदा न्यूज, रिपोर्टर।
मेरठ। मेरठ बुलियन ट्रेडर्स एसोसिएशन की कार्यकारिणी की महत्वपूर्ण बैठक मेंं सराफा कारोबारियों ने कई विषयों पर चर्चा की। इस दौरान कई निर्णय लिये गए जिनमें साप्ताहिक बंदी के दिन भी दुकाने खोलने पर सहमति बनी।
मंदिर महादेव सराफा बाजार में आयोजित बैठक में सराफा व्यापार मंडल मेरठ शहर, सराफा व्यापारी एसोसिएशन नीलगली, जौहरी बाजार व्यापार संघ, व्यापार संघ सराफा बाजार व कागजी बाजार सराफा व्यापार मंडल के सभी व्यापार संगठनों के अध्यक्ष एवं महामंत्री शामिल हुए। इस दौरान कई महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा की गई। जिनमें कार्यकारिणी सदस्यों समेत सभी बाजारों के पदाधिकारियों द्वारा एक स्वर में यह निर्णय लिए गए, आगामी 22 जनवरी दिन सोमवार को साप्ताहिक बंदी के बाबजूद बाजार खोलने का निर्णय लिया है। साथ तीन दिन तक 21 से 23 जनवरी तक बाजार सजाने का भी निर्णय हुआ। जिसमें शहर सराफा बाजार पूर्वी और पश्चिमी, कागजी बाजार, जौहरी बाजार, कूंचा नील, सदर बाजार आदि 3 दिन तक बाजार सजाए जाएंगे। इस दौरान सराफा बाजार स्थित मंदिर महादेव में फूलों की सजावट होगी। प्रसाद का वितरण किया जाएगा, बाजारों में भगवा झंडे लगाए जाएंगे तथा लाइटिंग समेत बंधनवार बांधी जाएगी। एलईडी वॉल लगाने का भी निर्णय लिया गया। बाजारों में म्यूजिक सिस्टम के माध्यम से भगवान राम के भजन भी प्रसारित किए जाएंगे। सराफा व्यापारियों में सैकड़ो वर्षों की प्रतीक्षा के बाद रामलला की अयोध्या धाम में पुन: प्राण प्रतिष्ठा के गौरवपूर्ण पल को देखने की भी जिज्ञासा है, जिसके लिए एलइडी वॉल लगाने का तथा लाइव प्रसारण दिखाने का निर्णय लिया गया है।