महिला सिपाही से की थी लूट, पुलिस पर कार्बाइन से गोलियां बरसाईं, 12 किमी. पीछा करके मार गिराया
शामली। शुक्रवार तड़के 5 बजे 50 हजार का इनामी बदमाश मेहताब एनकाउंटर में मारा गया। बदमाश किसान से मोबाइल लूटकर भाग रहा था। पुलिस ने 12 किमी तक पीछा कर उसे घेर लिया। खुद को घिरता देख उसने कार्बाइन से फायरिंग कर दी। पुलिस की जवाबी फायरिंग में बदमाश मारा गया।
मुठभेड़ दिल्ली-सहारनपुर हाईवे पर कांधला थाना क्षेत्र में हुई। आरोपी मेहताब उर्फ बेचैन मुकीम काला गैंग का सक्रिय सदस्य था। उस पर 34 मुकदमे थे। 1 मार्च को उसने शामली में ही महिला सिपाही से तमंचे के बल पर कुंडल और चेन लूट ली थी। इसके अलावा, एक शुगर मिल के अफसर के साथ भी लूटपाट की घटना को अंजाम दिया था।
एसपी एनपी सिंह ने बताया कि किसान से लूट की सूचना के बाद पुलिस ने तत्काल घेराबंदी की थी। बदमाशों की फायरिंग के जवाब में पुलिस ने कार्रवाई की, जिसमें मेहताब घायल हो गया। इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। फरार साथी की तलाश जारी है। मामले में विधिक कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस के मुताबिक, शुक्रवार सुबह 3 बजे बाबरी थाना क्षेत्र के हाथी करौदा गांव के रहने वाले नरेंद्र और उनके भाई नरेशपाल खेतों में पानी लगाने जा रहे थे। जलालपुर कट के पास बाइक सवार दो बदमाशों ने तमंचा दिखाकर उनका मोबाइल फोन, बाइक की चाबी और 180 रुपए लूट लिए।
विरोध करने पर बदमाशों ने फायरिंग की और फरार हो गए। किसानों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने दोनों बदमाशों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर चेकिंग शुरू की। पुलिस टीम ने बदमाशों को ट्रेस कर लिया। पता चला कि बदमाश जलालपुर कट के आसपास ही हैं।
पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची, लेकिन बदमाशों को पुलिस के आने की भनक लग गई। दोनों बदमाश भागने लगे। इसके बाद पुलिस ने उनका पीछा किया। करीब 12 किमी तक पीछा करने के बाद खंद्रावली पुलिया के पास दोनों को घेर लिया। पुलिस को देखते ही एक बदमाश ने फायरिंग कर दी।
जवाबी फायरिंग में उसे दो गोलियां एक सीने और एक पीठ पर लग गईं। वह जमीन पर गिर पड़ा। अस्पताल ले जाते वक्त उसने दम तोड़ दिया, जबकि उसका साथी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया।
पुलिस ने मौके से लूटा गया मोबाइल फोन, 180 रुपए नकद, बिना नंबर प्लेट की मोटरसाइकिल, 9 एमएम की पिस्टल, 9 एमएम की कार्बाइन, 13 जिंदा कारतूस और 8 खोखे बरामद किए हैं।
34 से अधिक मुकदमों में था वांटेड
एसपी एनपी सिंह ने बताया कि हिस्ट्रीशीटर मेहताब मूल रूप से कैराना कस्बे का रहने वाला था। 2017 से सहारनपुर में रह रहा था। उसके खिलाफ शामली और सहारनपुर में लूट, डकैती, हत्या, हत्या के प्रयास, रंगदारी समेत 34 से अधिक मुकदमे दर्ज थे। वह पश्चिमी यूपी के कुख्यात मुकीम काला गैंग का सक्रिय सदस्य था।
महिला सिपाही से लूट में भी था वांछित
पुलिस ने बताया कि 1 मार्च 2026 को थाना कोतवाली शामली क्षेत्र के लिसाढ़ जंगल में थानाभवन शुगर मिल के सहायक प्रबंधक अरविंद कुमार से मोबाइल और 5 हजार रुपए लूटे थे। हरियाणा पुलिस की महिला सिपाही ज्योति मलिक से कान के कुंडल, नाक की बाली और अंगूठी लूटने के मामले में भी मेहताब वांटेड था। सहारनपुर रेंज के डीआईजी ने 50 हजार का इनाम घोषित किया था।