Homeउत्तर प्रदेशMeerutटी-20 वर्ल्ड कप जीतने का जश्न मना

टी-20 वर्ल्ड कप जीतने का जश्न मना

-

– आतिशबाजी और ढोल- नगाड़ों से गूंजा शहर, तिरंगा लेकर सड़कों पर उतरे लोग।

शारदा रिपोर्टर मेरठ। टी-20 वर्ल्ड कप फाइनल में भारत की न्यूजीलैंड पर शानदार जीत के बाद पूरे देश की तरह मेरठ भी जश्न में डूब गया। शहर के विभिन्न इलाकों में लोगों ने आतिशबाजी की, ढोल-नगाड़ों पर नाचे और मिठाइयां बांटकर भारतीय टीम की जीत का जश्न मनाया।

 

 

खास तौर पर चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय परिसर में छात्रों का उत्साह देखने लायक था। छात्र नेता विनीत चपराना के नेतृत्व में बड़ी संख्या में छात्र मुख्य द्वार पर एकत्र हुए और जोरदार आतिशबाजी की। छात्रों ने तिरंगा लहराते हुए भारत माता की जय और वंदे मातरम के नारे लगाए।

इस दौरान छात्रों ने एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर खिलाड़ियों की ऐतिहासिक जीत की खुशी साझा की। पूरे कैंपस में देर रात तक देशभक्ति और उत्साह का माहौल बना रहा।

छात्र नेता विनीत चपराना ने कहा कि भारतीय टीम ने जिस तरह शानदार प्रदर्शन करते हुए विश्व कप अपने नाम किया है, उससे पूरे देश का सिर गर्व से ऊंचा हो गया है। उन्होंने यह भी कहा कि यह जीत सिर्फ खिलाड़ियों की नहीं बल्कि पूरे देश की जीत है।

वहीं, शहर के प्रमुख चौराहों पर भी लोगों का हुजूम उमड़ पड़ा। बेगमपुल, हापुड़ स्टैंड, इवज चौराहा, भूमिया का पुल और गोला कुआं पर सैकड़ों लोगों ने आतिशबाजी कर जीत का जश्न मनाया। बेगमपुल पर युवाओं और क्रिकेट प्रेमियों ने जमकर डांस किया और भारत माता की जयकारों से पूरा इलाका गूंज उठा। लोग तिरंगा लेकर सड़कों पर उतर आए और देर रात तक जश्न का सिलसिला चलता रहा।

 

Related articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Stay Connected

4,000,000FansLike
100,000SubscribersSubscribe

Latest posts