परिजनों ने मानसिक स्थिति खराब होने की बात बताई, पुलिस जांच में जुटी
सीतापुर। इमलिया सुल्तानपुर थाना क्षेत्र के नकरहिया गांव में 36 घंटे से लापता चल रहे युवक का शव मंगलवार सुबह 7 बजे सड़क किनारे पानी भरी खाई में मिलने से सनसनी फैल गई। युवक 27 सितंबर की दोपहर घर से निकला था, जिसके बाद वह वापस नहीं लौटा। परिजनों ने उसकी तलाश करने के साथ ही पुलिस को भी सूचना दी थी।
जानकारी के अनुसार नकरहिया गांव निवासी सुनील कुमार पुत्र मुन्नालाल यादव 27 सितंबर को करीब 12 बजे घर से निकले थे। परिजनों के मुताबिक उनकी मानसिक स्थिति ठीक नहीं थी। देर रात तक घर वापस नहीं आने पर परिवार के लोगों ने आसपास और रिश्तेदारों के यहां तलाश की, लेकिन कोई जानकारी नहीं मिली।
इसके बाद परिजनों ने पुलिस को युवक के लापता होने की सूचना दी। मंगलवार को गांव के बाहर सड़ककिनारे पानी से भरी खाई में युवक का शव पड़ा मिला। शव मिलने की सूचना पर मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। पुलिस ने शव को खाई से बाहर निकलवाया और कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। वहीं फारेंसिक टीम ने भी साक्ष्य संकलित किए है।
परिजनों के मुताबिक युवक की पहचान उसके कपड़ों से भी हुई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। प्रभारी निरीक्षक आशीष तिवारी का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी।