परिजनों ने लगाया मारपीट के बाद शव लटकाने का आरोप, बहन से झगड़े के बाद आत्महत्या की आशंका
औरैया। दिबियापुर कोतवाली क्षेत्र के अबाबर गांव में मंगलवार सुबह 18 वर्षीय शिवम का शव एक सुनसान पड़े मकान में फंदे से लटका मिला। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। परिजनों ने गांव के कुछ युवकों पर पहले मारपीट करने और फिर शिवम की हत्या कर शव को फंदे पर लटकाने का आरोप लगाया है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत की असली वजह स्पष्ट होगी।
अबाबर गांव निवासी सत्यनारायण के सात बेटों में शिवम सबसे छोटा था। सत्यनारायण कपड़े की फेरी लगाकर परिवार का पालन-पोषण करते हैं। उनके चार बेटे चेन्नई में काम करते हैं, जबकि तीन गांव में रहते हैं। मंगलवार को शिवम का शव गांव में स्थित एक सुनसान पड़े मकान में साड़ी के फंदे से लटका मिला। परिवार के लोग दूसरे मकान में रहते थे। शिवम को फंदे पर लटका देखकर पिता ने दरवाजा तोड़ा और उसे नीचे उतारा। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई।
परिजनों का आरोप है कि 26 अगस्त को शिवम का गांव के कुछ युवकों से विवाद हुआ था। इसके बाद भी दोनों पक्षों के बीच तनाव बना हुआ था। पिता सत्यनारायण का कहना है कि उन्होंने इस मामले में पुलिस से शिकायत भी की थी, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई।
परिजनों का दावा है कि जिन युवकों से शिवम का विवाद हुआ था, उन्होंने उसके साथ मारपीट कर हत्या की और घटना को आत्महत्या का रूप देने के लिए शव को फंदे पर लटका दिया। घटना के बाद परिवार में चीख-पुकार मच गई।
दिबियापुर कोतवाल राजकुमार ने बताया कि शुरूआती जांच में सामने आया है कि शिवम का पहले अपनी बहन से झगड़ा हुआ था। इसके बाद उसके आत्महत्या करने की आशंका है। हालांकि, पुलिस परिजनों की ओर से लगाए गए हत्या के आरोपों को भी गंभीरता से जांच रही है। जिन लोगों पर आरोप लगाए गए हैं, उनसे पूछताछ की जा चुकी है। पुलिस सभी पहलुओं से मामले की जांच कर रही है।