– लापता अंकुश का शव होने की आशंका, पुलिस जांच जारी।
फतेहपुर। किशनपुर थाना क्षेत्र में शनिवार सुबह करीब 8 बजे एक अरहर के खेत से तीन वर्षीय बच्चे का शव बरामद हुआ है। पुलिस शव की शिनाख्त करने में जुटी है। पुलिस को आशंका है कि यह शव उस बच्चे का हो सकता है, जो 24 फरवरी 2026 की शाम करीब 4 बजे से अपने घर से लापता था। लापता बच्चे की पहचान अंकुश निषाद (साढ़े तीन वर्ष) के रूप में हुई थी।

अंकुश हरिशंकर निषाद का पुत्र था और ग्राम लोची का डेरा, मजरा इटरौरा, थाना किशनपुर, जनपद फतेहपुर का निवासी था। वह नीले रंग की टी-शर्ट और नीले रंग का लोअर पहने हुए था, और उसका रंग सांवला था।
किशनपुर थाना पुलिस ने अंकुश की तलाश के लिए गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज की थी। थाना प्रभारी सत्यदेव गौतम ने बताया कि शव की शिनाख्त अभी नहीं हुई है। थाना प्रभारी ने कहा कि इस संबंध में कुछ भी कहना जल्दबाजी होगी। मामले की गहनता से जांच-पड़ताल की जा रही है और जल्द ही पूरे मामले का खुलासा किया जाएगा।

