गुस्साए कर्मचारियों ने पार्षद को जमकर पीटा
शारदा रिपोर्टर
मेरठ। भाजपा पार्षद रविंद्र ने निगम के ड्राइवर पर पिस्टल से हमला कर दिया। हमले में गोली लगने से ड्राइवर गंभीर रूप से घायल हुआ है। उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वहीं इस हमले के बाद नगर निगम के चालकों और कर्मचारियों ने घेरकर पार्षद की जमकर पिटाई की। कई थानों की पुलिस-फोर्स मौके पर पहुंची है।
सूरजकुंड डिपो पर गुरुवार सुबह वार्ड 18 से भाजपा पार्षद रविंद्र ने निगम के ड्राइवर अविनाश पुत्र रतन कुमार को गोली मार दी। गोली पैर में लगने से युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। सूचना पर कई थानों का फोर्स मौके पर पहुंचा। भीड़ में आरोपी पार्षद को मौके से पकड़ लिया। वहीं उसके साथी मौके से भाग गए। पुलिस ने घायल को अस्पताल में भर्ती कराया। इंचोली थाना क्षेत्र के लावड़ निवासी अविनाश कुमार पुत्र रतन कुमार नगर निगम में ड्राइवर है।
गुरुवार सुबह अविनाश अपने साथियों के साथ सूरजकुंड डिपो पर खड़ा था। आरोप है कि इसी बीच भाजपा पार्षद रविंद्र अपने एक दर्जन साथियों के साथ डिपो पर पहुंचा और ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी। गोलियां चलाते ही आसपास के क्षेत्र में भगदड़ का माहौल हो गया। इस दौरान एक गोली अविनाश के पैर में लग गई।
इसके बाद निगम में मौजूद अन्य कर्मचारियों ने आरोपी पार्षद व उसके साथियों पर लाठी डंडों से हमला कर दिया। इस दौरान पार्षद के साथी तो भाग निकले, लेकिन कर्मचारियों ने पार्षद को पिस्तौत सहित पकड़ लिया। पार्षद के भी सिर और शरीर में काफी चोट आई हैं।
सूचना पर नौचंदी, मेडिकल, टीपी नगर, सिविल लाइन सहित कई थानों की पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस आरोपी पार्षद व घायल ड्राइवर को लेकर जिला अस्पताल आ गई। एसपी सिटी आयुष विक्रम सिंह का कहना है कि पार्षद हिरासत में ले लिया है। पूछताछ के बाद अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।
एक राज्यमंत्री का है बेहद करीबी: आरोपी पार्षद रविंद्र एक राज्यमंत्री का बेहद करीबी है। पहले भी कई मामलों में राज्यमंत्री के दबाव में उसके खिलाफ कार्रवाई नहीं हुई है। भाजपा नेत्री के वायरल वीडियो मामले में भी राज्यमंत्री ने ही मध्यस्थता कर मामले को खत्म कराया था।
घटना के बाद निगम कर्मचारियों ने लगाया जाम
इस घटना के बाद नगर निगम के चालकों और कर्मचारियों ने सूरजकुंड डिपो के बाहर मार्ग पर जाम लगा दिया। पुलिस और निगम अधिकारियों की काफी खुशामद के बाद कर्मचारियों ने खोला।
फरार आरोपियों की गिरफ्तारी तक सफाई ठप
वहीं दूसरी नगर निगम के सफाई कर्मचारी भी इस घटना को लेकर मैदान में उतर आए हैं। उन्होंने आरोपी पार्षद के फरार साथियों की गिरफ्तारी होने तक शहर की सफाई व्यवस्था ठप करने का ऐलान कर दिया है।
भाजपा नेत्री की फर्जी अश्लील वीडियो वायरल कर चुका है पार्षद
पार्षद रविंद्र कुमार का विवादों से पुराना नाता रहा है। करीब दो साल पहले अपनी ही पार्टी की महिला नेता की फर्जी अश्लील वीडियो बनाकर उसे फर्जी एकाउंट से वायरल करने के मामले में पार्षद रविंद्र सहित भाजपा के ही एक नेता रविंद्र नागर के खिलाफ भावनपुर थाने में मुकदमा दर्ज हुआ था। लेकिन आपसी समझौते के कारण वह इस मामले में बच गया।