बिजनौर। शेरकोट थाना क्षेत्र के ग्राम भनोटी में रामगंगा मार्ग पर सड़क किनारे एक घायल गुलदार मिलने से हड़कंप मच गया। सुबह मार्ग से गुजर रहे ग्रामीणों ने गुलदार को देखा, जिसके बाद मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई।

गुलदार घायल अवस्था में पड़ा था। आसपास मौजूद कुछ युवकों ने उसका खिलौना बनाते हुए पूंछ पकड़कर खींचा। गुलदार के घायल होने का कारण आपसी संघर्ष बताया जा रहा है।
ग्रामीणों ने तत्काल इसकी सूचना वन विभाग को दी। सूचना मिलते ही वन विभाग के अधिकारी सक्रिय हो गए। डिप्टी रेंजर हरदेव सिंह ने बताया कि विभागीय टीम को मौके पर रवाना कर दिया गया है और स्थिति का जायजा लिया जा रहा है।
घटना की खबर फैलते ही आसपास के गांवों से बड़ी संख्या में लोग मौके पर पहुंच गए। वन विभाग की टीम गुलदार को कब्जे में लेकर उसका उपचार कराएगी और उसके घायल होने के कारणों की जांच करेगी।

