Saturday, April 19, 2025
Homepolitics newsकांग्रेस को इंडिया गठबंधन से बाहर करना चाहती है आप

कांग्रेस को इंडिया गठबंधन से बाहर करना चाहती है आप

  • आरोप :भाजपा के साथ मिलकर काम कर रही कांग्रेस।

एजेंसी, नई दिल्ली। दिल्ली विधानसभा चुनाव को लेकर सियासी सरगर्मी तेज हो गई है। आम आदमी पार्टी (आप) और कांग्रेस पार्टी में तनातनी खुलकर सामने आ रही है। आप सूत्रों के मुताबिक, अरविंद केजरीवाल के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराने को लेकर आम आदमी पार्टी के नेताओं में कांग्रेस को लेकर नाराजगी है। आम आदमी पार्टी इंडिया गठबंधन से कांग्रेस को बाहर करने को लेकर दूसरी पार्टियों से बातचीत करेगी।

आम आदमी पार्टी का आरोप है कि कांग्रेस भारतीय जनता पार्टी के साथ मिलकर काम कर रही है। उधर, कांग्रेस नेता और नई दिल्ली सीट से प्रत्याशी संदीप दीक्षित ने बृहस्पतिवार को दिल्ली के उपराज्यपाल वीके सक्सेना से मुलाकात की है। उन्होंने आम आदमी पार्टी द्वारा घोषित संजीवनी योजना और महिलाओं को 2100 रुपये प्रति माह देने की घोषणा के बाद उनका पंजीकरण कराने की शिकायत की है। उन्होंने कहा कि आम आदमी पार्टी फरेब की राजनीति कर रही है। पंजाब पुलिस दिल्ली में नकदी ला रही है।

प्रदेश युवक कांग्रेस के अध्यक्ष एडवोकेट अक्षय लाकड़ा ने आम आदमी पार्टी (आप) के संयोजक अरविंद केजरीवाल और पार्टी से जुड़े अन्य सदस्यों पर गंभीर आरोप लगाते हुए उनके खिलाफ एफआईआर दर्ज करने की मांग की है। इस संबंध में उन्होंने संसद मार्ग थाने में शिकायत की है।
उधर, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष देवेन्द्र यादव ने मुख्यमंत्री महिला सम्मान योजना को राजनीतिक छलावा करार दिया। उन्होंने आरोप लगाया कि योजना के नाम पर महिलाओं को गुमराह कर फार्म भरवाए जा रहे हैं, जबकि दिल्ली सरकार के बाल विकास विभाग की ओर से जारी नोटिस ने स्पष्ट किया गया है कि यह कोई सरकारी योजना नहीं है।

देवेंद्र ने कहा कि केजरीवाल ने चुनावी लाभ के लिए महिलाओं को 2100 रुपये मासिक देने का झूठा वादा किया है। इसके तहत आप कार्यकतार्ओं ने झुग्गी-झोपड़ी में फार्म भरवाकर महिलाओं की जानकारी इकट्ठा की। इन फर्जी योजनाओं के जरिये आप साइबर अपराध और बैंकिंग धोखाधड़ी को बढ़ावा दे रही है। इस तरह की जानकारी साझा करने से महिलाओं को गंभीर वित्तीय नुकसान हो सकता है। आप ने 2022 में पंजाब और 2024 में दिल्ली में महिलाओं को 1000 रुपये मासिक देने का वादा किया था, जिसे आज तक पूरा नहीं किया गया। महिलाओं को आर्थिक सहयोग देने के नाम पर केवल झूठे वादे किए गए, लेकिन धरातल पर कुछ नहीं हुआ।

 

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -

ताजा खबर

Recent Comments