लौट रहे पिता-पुत्र समेत तीन लोग घायल, एक की हालत गंभीर, हैलट रेफर
उन्नाव। कानपुर-लखनऊ नेशनल हाईवे पर अचलगंज थाना क्षेत्र में रविवार देर रात तेज रफ्तार कार आगे चल रहे डंपर में पीछे से जा घुसी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार में अचानक आग लग गई और वह धू-धूकर जलने लगी। हादसे में कार सवार पिता-पुत्र समेत तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। तीनों को एंबुलेंस से जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां एक की हालत गंभीर होने पर कानपुर के हैलट अस्पताल रेफर कर दिया गया।
इटावा निवासी रीगल दीक्षित अपने बेटे कान्हा दीक्षित और बहनोई विष्णु के साथ रविवार को कानपुर घूमने गए थे। रात करीब एक बजे तीनों कार से उन्नाव लौट रहे थे। उन्हें कब्बाखेड़ा-दरियाईखेड़ा स्थित अपने रिश्तेदारों के यहां जाना था। रात करीब एक बजे आजाद मार्ग के पास गहरा बालाजी मंदिर के नजदीक पहुंचते ही उनकी कार आगे चल रहे डंपर में पीछे से जा भिड़ी।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, डंपर से टक्कर के तुरंत बाद कार में आग भड़क उठी। देखते ही देखते कार आग की लपटों से घिर गई। हाईवे पर कार को जलता देखकर आसपास मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई। लोगों ने तत्काल पुलिस और एंबुलेंस को सूचना दी। हादसे में कार सवार तीनों लोग घायल हो गए। मौके पर मौजूद लोगों की मदद से उन्हें कार से बाहर निकाला गया और इलाज के लिए भेजा गया।
1033 एंबुलेंस की मदद से तीनों घायलों को जिला अस्पताल पहुंचाया गया। डॉक्टरों ने जांच के बाद इलाज शुरू किया। एक घायल की हालत गंभीर होने पर उसे बेहतर उपचार के लिए कानपुर के हैलट अस्पताल रेफर कर दिया गया। वहीं, दो अन्य घायलों की हालत सामान्य बताई जा रही है।
हादसे की सूचना मिलते ही बदरका चौकी इंचार्ज अनिल त्रिपाठी पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर हादसे की जानकारी जुटाई और जांच शुरू कर दी। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि हादसा तेज रफ्तार के कारण हुआ, चालक को झपकी आई थी या इसके पीछे कोई दूसरी वजह थी। दुर्घटना के बाद हाईवे पर कुछ समय तक यातायात भी प्रभावित रहा।