– खाने को लेकर हुआ था विवाद, बैंक्वेट हाल से निकलते ही युवकों ने पीटा।
शारदा रिपोर्टर मेरठ। मंगलवार देर रात एक शादी समारोह में शामिल होने पहुंचे भाजपा कार्यकतार्ओं पर कुछ युवकों ने हमला कर दिया। हमले में कार्यकर्ता घायल हुए हैं, जिन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस हमलावरों की गिरफ्तारी का प्रयास कर रही है।

मेडिकल थाना क्षेत्र के गढ़ रोड स्थित एक मंडप में मंगलवार रात शादी समारोह चल रहा था। इस समारोह में परीक्षितगढ़ निवासी धर्मेंद्र मलिक आए हुए थे जो भाजपा से जुड़े हैं। इसी समारोह में किठौर क्षेत्र के कुछ युवक भी आए हुए थे जो किसी सपा नेता के समर्थक बताए जा रहे हैं।
बताया जाता है कि खाना खाने के दौरान धर्मेंद्र की इन युवकों से कहासुनी हो गई। उस वक्त तो लोगों ने मामला शांत करा दिया और दोनों पक्ष वहां से चले गए। कुछ देर बाद धर्मेंद्र अपने साथियों के साथ घर के लिए जाने लगे। जैसे ही वह मंडप से निकलकर अपनी गाड़ी की तरफ बढ़े, उन युवकों ने हमला कर दिया। धर्मेंद्र खुद को बचाने के लिए भागने लगे लेकिन सिर में चोट लगने के कारण वह घायल हो गए। आनन फानन में लोग उन्हें लेकर लोकप्रिय अस्पताल पहुंचे और भर्ती करा दिया।
धर्मेंद्र पर हमले की सूचना मिलते ही काफी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता पहले अस्पताल और फिर मेडिकल थाने पहुंच गए। आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर उन्होंने हंगामा कर दिया। चर्चा है कि जिन युवकों ने यह हमला किया, वह एक सपा नेता के साथ वहां आए थे।
मेडिकल थाना प्रभारी शिव प्रकाश सिंह ने बताया कि जिन युवको ने हमला किया था, उनकी पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है। घायल का अस्पताल में उपचार कराया जा रहा है। सीसीटीवी कैमरे की फुटेज भी देखी जा रही है।

