शराब पीकर आने पर घरवालों ने बांधा था, रात में निकला, फिर लौटा नहीं
अलीगढ़। गंगीरी थाना क्षेत्र के यादव नगर में शुक्रवार सुबह एक युवक का शव बड़े ग्राउंड में मिला। मृतक की पहचान पप्पू यादव के बेटे भोला के रूप में हुई। परिजनों के मुताबिक, वह गुरुवार शाम शराब पीकर घर आया था। विवाद और झगड़ा करने पर घरवालों ने उसे बांध दिया था। रात करीब 11 से 12 बजे के बीच वह किसी तरह 100 रुपए लेकर घर से निकल गया। इसके बाद वापस नहीं लौटा।
परिजनों ने बताया कि भोला के घर से निकलने के बाद उसकी तलाश की गई, लेकिन कोई जानकारी नहीं मिली। शुक्रवार सुबह बड़े ग्राउंड में उसका शव मिलने की सूचना परिवार को मिली। परिजनों ने मौत को लेकर आशंका जताते हुए रात में घर से निकलने से लेकर शव मिलने तक के घटनाक्रम की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है।
क्षेत्राधिकारी गर्वित सिंह ने बताया कि 27 नवंबर की सुबह शव मिलने की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची थी। जांच में मृतक की पहचान भोला के रूप में हुई। पुलिस परिजनों से जानकारी जुटा रही है और सभी पहलुओं की जांच कर रही है। तहरीर मिलने पर मुकदमा दर्ज किया जाएगा। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत का कारण स्पष्ट हो सकेगा।