HomeAccident Newsवीरान पड़ी सहारा सिटी में लगी भीषण आग

वीरान पड़ी सहारा सिटी में लगी भीषण आग

-

एक किमी तक धुएं का गुबार दिखा, एक साल पहले अफसरों ने सील कराया था


लखनऊ। सहारा सिटी में गुरुवार शाम आग लग गई। धुएं का गुबार एक किलोमीटर दूर से दिखाई दिया। आग की लपटें इतनी तेज थीं कि 9 फायर स्टेशनों से दमकल की 15 गाड़ियां बुलानी पड़ीं। करीब साढ़े 3 घंटे बाद आग पर काबू पाया। आग शाम करीब 6:30 बजे लगी थी। फिलहाल आग लगने की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है।

अक्टूबर 2025 में नगर निगम के अफसरों ने सहारा सिटी को सील कर दिया था। उस समय कॉन्ट्रैक्ट की शर्तों के उल्लंघन का हवाला दिया गया था। इसके बाद वहां रहने वाले सहारा कर्मचारियों और उनके परिवारों को परिसर खाली करना पड़ा था। अभी वहां कोई नहीं रह रहा था।

आग की सूचना मिलते ही गोमती नगर फायर स्टेशन से दमकल की एक यूनिट मौके पर पहुंची। इसके बाद गोमती नगर और हजरतगंज से भी दमकल की गाड़ियां बुलाई गईं। कुल 15 गाड़ियों की मदद से करीब साढ़े 3 घंटे बाद आग पर काबू पाया गया।

परिसर में सूखी घास और घने पेड़ होने के कारण आग बुझाने में दमकलकर्मियों को परेशानी हुई। मौके पर जुटे लोगों को एहतियातन सुरक्षित दूरी पर रखा गया, ताकि राहत और बचाव कार्य में कोई बाधा न आए।

राहत और बचाव कार्य में अंधेरे की वजह से परेशानी न हो, इसके लिए नगर निगम ने मौके पर लाइट की व्यवस्था की। दमकल टीम ने रात करीब 10 बजे आग पर काबू पा लिया। अपर नगर आयुक्त डॉ. अविनाश त्रिपाठी ने बताया- नगर निगम ने इस प्रॉपर्टी को सील किया था। परिसर में दो गार्ड के अलावा कोई नहीं रहता था। हादसे में कोई हताहत नहीं हुआ है।

सहारा सिटी के मुख्य गेट के पास सुब्रत रॉय की यादों से जुड़ी एक गैलरी थी। इसमें सचिन तेंदुलकर, सौरव गांगुली, महेंद्र सिंह धोनी, बिल क्लिंटन और अटल बिहारी वाजपेयी जैसी बड़ी हस्तियों के साथ उनकी तस्वीरें लगी थीं। यहां वह स्कूटर भी रखा था, जिससे सुब्रत रॉय ने अपना करियर शुरू किया था। आग में गैलरी का सामान और स्कूटर जलकर राख हो गए।

सहारा सिटी के मुख्य गेट के पास पेट्रोल और डीजल के कई कनस्तर मिले हैं। सुरक्षा गार्डों का कहना है कि कुछ लोग परिसर के अंदर बने पेट्रोल पंप से तेल चुराने की कोशिश कर रहे थे। इसकी शिकायत पुलिस से भी की गई थी। अपर नगर आयुक्त अविनाश त्रिपाठी ने संपत्ति विभाग को आग लगने की वजह की जांच करने के आदेश दिए हैं।

घटना के दौरान अपर नगर आयुक्त अविनाश त्रिपाठी, मुख्य अग्निशमन अधिकारी अंकुश मित्तल, आरआर चीफ मनोज प्रभात, जोनल अधिकारी शिल्पा कुमारी, जेड़एसओ पंकज शुक्ला, अपर सिटी मजिस्ट्रेट सहित कई थानों की पुलिस मौजूद रही।

Related articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Stay Connected

14,000FansLike
6,000SubscribersSubscribe

Latest posts