कार्तिक पूर्णिमा पर गढ़मुक्तेश्वर, ब्रजघाट और पुष्पावती पूठ में किया स्नान
हापुड़। कार्तिक पूर्णिमा पर मंगलवार को गढ़मुक्तेश्वर, ब्रजघाट और पुष्पावती पूठ में 35 लाख से अधिक श्रद्धालुओं ने गंगा में डुबकी लगाई। सोमवार मध्यरात्रि के बाद से ही स्नान शुरू हो गया था। ब्रह्ममुहूर्त तक घाटों पर श्रद्धालुओं की भीड़ बढ़ गई। स्नान के बाद लोगों ने पूजा-अर्चना और दान-पुण्य कर धार्मिक परंपराओं का निर्वहन किया।
मुख्य स्नान के साथ ही करीब एक पखवाड़े से गंगा खादर में ठहरे श्रद्धालु घर लौटने लगे। गढ़मुक्तेश्वर के रेतीले मैदान में लाखों श्रद्धालुओं ने तंबू लगाकर डेरा डाला था। यहां लोगों ने गंगा स्नान के साथ धार्मिक अनुष्ठान किए और योग-ध्यान किया।
इस बार चतुर्दशी पर भी मेले में पिछले वर्षों के मुकाबले ज्यादा भीड़ रही। सोमवार दोपहर से देर रात तक करीब 7 से 8 लाख श्रद्धालुओं के पहुंचने का अनुमान था। इससे पहले करीब 28 लाख श्रद्धालु मेला क्षेत्र में डेरा डाल चुके थे। पूर्णिमा का स्नान शुरू होने के बाद घाटों पर लोगों की आवाजाही लगातार बढ़ती रही।
मुख्य स्नान के बाद लाखों श्रद्धालु एक साथ मेला क्षेत्र से लौटने लगे। इससे गढ़मुक्तेश्वर और आसपास के रास्तों पर वाहनों का दबाव बढ़ गया। भीड़ और वाहनों की लंबी कतारों के बीच पुलिस-प्रशासन को यातायात व्यवस्था संभालनी पड़ी।
सुरक्षा व्यवस्था को लेकर डीएम कविता मीना और एसपी मधुवन सिंह लगातार गंगा घाटों पर मौजूद रहे। सीसीटीवी कैमरों और ड्रोन से लगातार निगरानी की जा रही है। एसपी ने बताया कि सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद है। सड़कों पर जाम न लगे, इसके लिए भी लगातार निगरानी रखी जा रही है।